
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। मुजफ्फरपुर जिले के विधायकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व मध्य रेलवे, समस्तीपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा से उनके कार्यालय कक्ष में मुलाकात कर कांटी विधानसभा क्षेत्र के कपरपुरा स्थित रेलवे गुमटी संख्या 107 को बंद गुमटी को अविलंब खोलने या वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रतिदिन हजारों लोग निर्भर :
इस अवसर पर विधायकों ने डीआरएम को एक ज्ञापन भी सौपा। जिसमें बिना किसी पूर्व सूचना या वैकल्पिक व्यवस्था के गुमटी को बंद कर देने से आवागमन बाधित होने एवं इससे उत्पन्न समस्याओं का विस्तार से उल्लेख किया गया है। ज्ञापन में दर्शाया गया है कि, यह मार्ग मोतिपुर, मीनापुर और साहेबगंज को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है, जिस पर प्रतिदिन हजारों लोग निर्भर हैं।
नहीं ली गई राय :
विधायकों ने श्री मिश्रा को बताया कि, गुमटी बंद होने से मरीजों, छात्रों, किसानों और आम राहगीरों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। आपात स्थिति में समय पर अस्पताल पहुंचना भी मुश्किल हो गया है। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने यह भी स्पष्ट किया कि, इस मार्ग के बाइपास से कोई सीधा संबंध नहीं होने के बावजूद गुमटी बंद करना जनहित के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस निर्णय से पहले स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन से कोई राय नहीं ली गई।
15 दिनों के अंदर वैकल्पिक व्यवस्था :
मुलाकात के बाद कांटी विधायक सह पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार ने संवाददाता को बताया कि, डीआरएम श्री मिश्रा ने आश्वस्त किया है कि, लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से यहां अंडरपास का निर्माण शीघ्र कराया जाएगा। वही, अंडरपास बनने से पूर्व लोगों का आवागमन सुगम बनाने के लिए 15 दिनों के अंदर वैकल्पिक व्यवस्था रेलवे करेगी।
पहल का स्वागत :
उन्होंने कहा कि, अंडरपास बनने से क्षेत्र के लोगों को स्थायी राहत मिलेगी। प्रतिनिधिमंडल में कांटी विधायक अजीत कुमार के अलावा मुजफ्फरपुर नगर विधायक रंजन कुमार, बोचहा विधायक बेबी कुमारी, सकरा विधायक आदित्य कुमार एवं मीनापुर विधायक अजय कुमार कुशवाहा शामिल थे। इधर, स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए जल्द समाधान की उम्मीद जताई है।