
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। “द उम्मीद कप 2026 केवल एक टूर्नामेंट नहीं, बल्कि खेलों के माध्यम से एक स्वस्थ, सशक्त, और नशामुक्त बिहार के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।” द उम्मीद द्वारा आयोजित द उम्मीद कप 2026 – बिहार राज्य फुटबॉल चैम्पियनशिप के उद्घाटन सत्र में द उम्मीद के संस्थापक सह अध्यक्ष अमरजीत कुमार ने उक्त बातें कही।
नशामुक्त जीवन का संदेश :
इस दौरान उन्होंने कहा कि, नशे को किक आउट, सपनों को किक इन थीम पर आयोजित यह टूर्नामेंट फुटबॉल तक ही सीमित नहीं है, यह युवाओं को नशे की नकारात्मकता के महाजाल से निकाल कर सकारात्मक दिशा देने का अभियान है। यह राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता युवाओं को खेलों के माध्यम से नशामुक्त जीवन, अनुशासन और नेतृत्व की ओर प्रेरित करने का संदेश है।
स्वागत और उद्घाटन :
बताते चलें कि, शहर के जितवारपुर स्थित समस्तीपुर कॉलेज समस्तीपुर खेल मैदान में नशे को किक आउट, सपनों को किक इन थीम पर आधारित ‘द उम्मीद कप 2026 राज्य स्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट’ का बुधवार को भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर सर्वप्रथम अतिथियों के स्वागत अभिनंदन के उपरांत अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर टूर्नामेंट के विधिवत उद्घाटन किया।
बेगुसराय सेमीफाइनल में :
खिलाड़ियों से परिचय के साथ आरंभ उद्घाटन मैच में बेगूसराय ने सैम फिटनेस, जलकौरा खगड़िया को हरा कर शानदार जीत के साथ सेमीफाइनल में स्थान पक्का किया। इस दौरान खिलाड़ियों का उत्साह, दर्शकों का जोश और खेल भावना इस आयोजन को यादगार बना दिया।
खेलों के माध्यम से करें सपनों को साकार :
इस अवसर पर वाइस प्रेसिडेंट आदेश कुमार ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि, यह मंच बिहार की नई खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करेगा। इस दौरान आयोजन के सहयोगी नीरव स्पोर्ट्स ने भी युवाओं को खेलों के माध्यम से अपने सपनों को साकार करने का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि, वो दिन गए जब कहते थे खेलोगे कूदोगे बनोगे खराब। आज खेलों के माध्यम से भी कैरियर संवारा जा सकता है।