

ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर। हिन्दु मैरेज एक्ट या कहें हिन्दू विवाह अधिनियम आज की तारीख में इतिहास बन कर रह गया है। आज नयी पीढी में न तो इस कानून का खौफ रह गया है न ही एकल परिवार में सिमट रहे नख दंत विहीन समाज का डर। पहली पत्नी के रहते जम कर दूसरी शादियां हो रही है और पहली पत्नियां पिट रही हैं या मार डाली जा रही हैं।
आये दिन इस तरह की खबरें मीडिया में सुर्खियां बटोरती हैं मगर न तो पुलिस इस मामले में सख्ती बरतती है, न ही अदालतों के कानो पर जूं रेंगती दिख रही है।
ताजा मामला विभूतिपुर थाना क्षेत्र का है। जहां का एक वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें एक महिला को बेरहमी से पीटा जाता देखा जा रहा है।
इस बाबत मिल रही जानकारी के मुताबिक, पीड़ित महिला ने 5 साल पहले अपने प्रेमी रोहित से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों साथ रहने भी लगे थे। लेकिन अब उसी प्रेमी ने चुपके से दूसरी शादी कर ली।
जब पहली पत्नी अपने हक की लड़ाई लड़ने उसके घर पहुंची तो वहां जो हुआ वह रोंगटे खड़े कर देने वाला था। उक्त महिला को उसके सास और देवर ने मिलकर बुरी तरह से पीटा। इसी बीच किसी ने घटना का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो अब वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन अभी तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। हालिया कुछ वर्षो में यह कोई पहला मामला नहीं है। हिन्दू मैरेज एक्ट के अनुसार पहली पत्नी के जिन्दा रहते या उससे संबंध विच्छेद हुए बिना दूसरी शादी वैध नहीं मानी जा सकती।
इस ताजा मामले ने एक बार फिर इस धूल फांक रहे एक्ट की जरूरत महसूस करा दी है। अब देखना है कि विभूतिपुर पुलिस इस वायरल वीडियो पर क्या संज्ञान लेती है और दोषियों के खिलाफ कब तक कार्रवाई करती है।