
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर। भोजपूरी बहुत ही प्यारी भाषा है। बिना फूहर शब्दावली का प्रयोग किए बिना भी चित्ताकर्षक तरीके से लोगों के बीच अपनी बात भोजपूरी में रखी जा सकती है। भोजपूरी की इस विशेषता को जन-जन तक पहुंचाने में चेतना झाम्ब की यह फिल्म अनमोल घडी निश्चित ही सफल होगी।
शुक्रवार कोे हरपुर एलौथ स्थित होटल रेड वेलवेट में मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक सह बिहार विधान सभा के मुख्य सचेतक अख्तरुल इस्लाम शाहीन ने केक काट कर तथा मुहूर्त शॉट देकर भोजपुरी फिल्म अनमोल घड़ी का प्रमोशन करने के दौरान उक्त बातें कही।
इस अवसर पर श्री शाहीन ने कहा कि फिल्म प्रमोशन का मुख्य उद्देश्य भोजपुरी फिल्मों के प्रति जन मानस की अवधारणा उसकी सोच बदलने के साथ-साथ भोजपुरी फिल्मों के बारे में जागरूकता बढ़ाना और दर्शकों को फिल्म देखने के लिए उत्साहित करना है।
उन्होंने कहा कि फिल्में समाज का आईना होती हैं। वे समाज में मौजूद वास्तविकताओं, मुद्दों और भावनाओं को दर्शाती हैं। भारतीय सिनेमा ने हर दौर में हमेशा समाज को आईना दिखाया है। समाज की खामियों को पहचान कर सिनेमा उस पर उंगली रखता है। समाज उसे स्वीकार कर, ठीक कर आगे बढ़ता है।
मगर विगत कुछ सालों से फिल्में सिर्फ मनोरंजन का साधन बन कर रह गई है। मुझे यह जान और देख कर खुशी है कि हमारे जिले की गौरव श्रीमति झांब एक बार फिर से फिल्मों की उसी पुरानी भूमिका को स्थापित करने वाली हैं।
वहीं फिल्म के निर्माता चेतना झाम्ब ने बताया कि हमारी भाषा हमारी चीजों से दूसरे प्रदेशों के लोग नाम शोहरत और पैसा कमा रहे हैं। फिर हम और हमारे लोग अपनी भाषा, लोकेशन्स, चीजों आदि से नाम और शोहरत क्यों नहीं हासिल कर सकते। इसी लिए इस फिल्म की पूरी शूटिंग समस्तीपुर सहित बिहार के अलग – अलग लोकेशन्स में बिहारी कलाकारों के साथ ही की जाने वाली है।
मौके पर एथेलेटिक्स संघ के जिलाध्यक्ष मो रिजुउल इस्लाम रिज्जू उर्फ बाबा, जिला राजद प्रवक्ता राकेश कुमार ठाकुर, टाटा बैटरी के वितरक हरेंद्र कुमार, राय सोनी सिंह, तथा फिल्म युनिट के सभी कलाकार व सहायक मौजूद थे।