
Oini 24
ओईनी न्यूजा नेटवर्क समस्तीपुर । मंगलवार की देर शाम के बाद ठहर-ठहर कर लगातार हुई बारिश ने नगर निगम समस्तीपुर के मानसून पुर्व तैयारियों के तमाम दावे की कलई उतार दी।
दिन निकलने के बाद जब बारिश ने थोडी सांस ली तो लगभग पूरा शहर तैरता प्रतीत हुआ। काशीपुर, विवके विहार सहित कई मुहल्ले तो झील का नजारा पेश करते दिखे। जल जमाव के कारण नाले का टूटा स्लैब नहीं दिखने से कई लोग, व वाहन नाले में गिर कर जख्मी हो गये। जलजमाव के कारण लोगों को घर से निकलना मुश्किल हो गया है।
इस नजारे से परेशान भाकपा माले नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा है कि वर्षा ने नगर निगम द्वारा नाला उड़ाही के नाम पर नगर निगम ने करोड़ों रूपये डकार लिया, इस एक बारिश ने ही नगर निगम के करतूत की पोल खोलकर रख दिया है।
माले नेता ने कहा है कि विवेक विहार मुहल्ला काशीपुर का जलजमाव तो सिर्फ एक बानगी है। समस्तीपुर शहर के अधिकांश मुहल्ला मसलन आदर्शनगर, आजादनगर, काशीपुर, बारह पत्थर, कृष्णापुरी, मुसापुर आदि का यही हाल है।
उन्होंने कहा है कि सरकार को सिर्फ नगर निकाय से टैक्स वसूली से मतलब है, मुहल्ला में नाला निर्माण, सड़क निर्माण, जलनिकासी, पेयजल, प्रकाश सुविधा आदि से कुछ भी लेना-देना नहीं है।