
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर । बिहार के समस्तीपुर जिले में इन दिनों विशुद्ध भोजपुरी फिल्म अनमोल घड़ी की शूटिंग जोरों पर है। यह फिल्म खासकर शिक्षा और कैरियर के बीच झूलते युवाओं की मनःस्थिति, भटकाव व सफलता के दरम्यान उनके जीवन में आने वाले निर्णायक मोड़ों को केंद्र में रखकर बनाई जा रही है। फिल्म के बारे में जानकारी देने के उद्देश्य से फिल्म निर्माता चेतना झाम ने शूटिंग के दौरान मीडिया कर्मियों से उक्त बातें कही।
उन्हेांने कहा कि कि यह फिल्म समाज के उन 12वीं पास छात्रों की कहानी है, जिनमें से कुछ जीवन में सफल हो पाते हैं कुछ दिशा भटक जाते हैं और फिर कालांतर में सफलता की राह पकड लेते है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म युवाओं को नकारात्मकता से निकल कर सकारात्मकता की ओर बढने केलिए प्रेरित करने का काम करेगी।
श्रीमति झाम ने साफ शब्दों में कहा कि यह सिर्फ एक मनोरंजक फिल्म नहीं बल्कि हमारी भाषा, संस्कृति और विरासत को समृद्ध करने काएक सशक्त प्रयास है। जिसमें मीडिया की भी अहम भूमिका होगी। प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने यह भी बताया कि फिल्म में अधिकतर कलाकार और तकनीकी टीम समस्तीपुर से ही हैं। जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को आगे आने का मौका मिल रहा है।
उन्होंने भोजपुरी भाषा की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले कुछ वर्षों में इसकी गरिमा को ठेस पहुंची है। लेकिन स्कामाखी एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड इस स्थिति को बदलने के लिए प्रतिबद्ध है। उनका लक्ष्य है कि भोजपुरी में फिर से साफ-सुथरी, पारिवारिक और प्रेरणात्मक फिल्में बनाई जाएं जो युवाओं से जुड़ सकें और जो समाज पर सकारात्मक प्रभाव डालें।
श्रीमति झाम ने बताया कि उनका सपना है कि बिहार के कलाकारों को अपने ही राज्य में पर्याप्त अवसर मिले और उन्हें बाहर जाकर संघर्ष न करना पड़े। उनकी सोच है कि अपनी माटी में रहकर ही कलाकार अपनी सांस्कृतिक विरासत को संजो सकते हैं और बिहार का नाम रोशन कर सकते हैं।
इस अवसर पर फिल्म के निर्देशक चंद्रकांत पांडे ने भी चेतना झाम की सराहना करते हुए कहा कि यह फिल्म बिहार के गौरव को बढ़ाने वाला एक बेहतरीन प्रोजेक्ट है और चेतना की सोच निश्चित तौर पर आने वाली पीढ़ियों के लिए नई राह तय करेगी।
वहीं, फिल्म के वरिष्ठ अभिनेता फूल सिंह ने भी कहा कि चेतना झाम का यह कदम वास्तव में सराहनीय है। एक महिला उद्यमी जब भोजपुरी सिनेमा में सकारात्मक बदलाव के इरादे से उतरती है, तो यह पूरे बिहार के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बिहारवासियों से आह्वान किया कि वे इस प्रयास को अपना भरपूर समर्थन दें।
मौके पर ब्यूटी सिंह, सम्राट उपाध्याय, सृष्टि सिंह राजपूत, पीयूष गुप्ता, सुकन्या पंडित, रूबी खातून, निर्जला सिंह, विनय सिन्हा, विश्वनाथ सिंह हजारी, रौशन कुमार आदि मौजूद थे।