
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। लोकतंत्र की बुनियाद को और अधिक मजबूत बनाने तथा ग्रामीण विकास की नई दिशा तय करने के उद्देश्य से रविवार को ग्राम पंचायत राज सिमरिया भिण्डी में पंचायत विकास दिवस-2026 का भव्य आयोजन किया गया। जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति में आयोजित इस समारोह में पंचायतों को आत्मनिर्भर, जवाबदेह और विकासोन्मुख पंचायत बनाने का संकल्प लिया गया।
शुभारंभ :
इसके पूर्व बिहार सरकार के प्रभारी मंत्री दामोदर राउत, स्थानीय विधायक महेश्वर हजारी, जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा, पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह, जिला पंचायत राज पदाधिकारी विष्णु देव मंडल, सदर अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार तथा पंचायत प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
आदर्श पंचायत बनाने का संकल्प :
इस दौरान तमाम अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर आत्मीय स्वागत और सम्मान के बाद स्वागत भाषण में ग्राम पंचायत राज सिमरिया भिण्डी के मुखिया ने पंचायत में संचालित विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और भविष्य की विकास योजनाओं की जानकारी देते हुए पंचायत को आदर्श पंचायत बनाने का संकल्प दोहराया।
महिला हितैषी पंचायत :
तत्पश्चात जिला पंचायत राज पदाधिकारी विष्णु देव मंडल ने जिले के पंचायतों में संचालित योजनाओं की प्रगति, पारदर्शी क्रियान्वयन और जनभागीदारी की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। समारोह के दौरान “महिला हितैषी पंचायत” विषय पर आधारित प्रेरक वीडियो के माध्यम से महिलाओं की भागीदारी, नेतृत्व क्षमता और पंचायतों में उनकी प्रभावी भूमिका का संदेश दिया गया।
पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ :
इस दौरान प्रभारी मंत्री ने 28 जून से 2 जुलाई तक चलने वाले पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ 0 से 5 वर्ष आयु के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर किया तथा अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
समन्वय विकास की सफलता की कुंजी :
अपने संबोधन में जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा ने कहा कि, प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से पहुँचाना सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है। उन्होंने पंचायतों को ग्रामीण विकास की सबसे सशक्त इकाई बताते हुए प्रशासन और आमजन के समन्वय को विकास की सफलता की कुंजी बताया।
विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने का आह्वान :
अपने संबोधन में स्थानीय विधायक महेश्वर हजारी ने कहा कि, विकसित गांव ही विकसित बिहार और विकसित भारत की मजबूत आधारशिला हैं। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से विकास योजनाओं को पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ धरातल पर उतारने का आह्वान किया।
विकास कार्यों को गति देने का आह्वान :
अंत में मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री दामोदर राउत ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार पंचायतों को और अधिक सशक्त एवं संसाधन संपन्न बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता, शिक्षा और जनकल्याणकारी योजनाओं की सफलता पंचायतों की सक्रिय भूमिका पर निर्भर करती है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से जनता के विश्वास पर खरा उतरते हुए विकास कार्यों को नई गति देने का आह्वान किया।
धन्यवाद ज्ञापन :
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक कार्यक्रम “मन की बात” का सामूहिक श्रवण किया। अंत में 20 सूत्री कार्यक्रम के अध्यक्ष राज कुमार सिंह एवं सदर अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमुदाय के प्रति आभार व्यक्त किया।
संचालन :
समारोह में मंच संचालन शिक्षक सुभीत कुमार सिंह ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।