
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर । सोमवार को वीमेंस कॉलेज, समस्तीपुर में प्रधानाचार्य प्रो डाॅ सुनीता सिन्हा की अध्यक्षता में गणित विभाग द्वारा महान सांख्यिकीविद प्रो पीसी महालनोविस के जन्म दिन (29 जून) को राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस के रूप में मनाया गया।
इस अवसर पर सर्वप्रथम प्राचार्य व वरीय प्राध्यापकों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस क्रम में प्रो. महालनोबिस के चित्र पर पुष्प माला और पुष्प अर्पित कर नमन किया गया।
तदुपरांत राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस 2025 की थीम एनएसएस के 75 साल विषय पर गणित एवं अर्थशास्त्र विभाग के छात्राओं द्वारा भाषण प्रतियोगिता, पोस्टर प्रस्तुति एवं पावरप्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से सांख्यिकी की उपयोगिता और सतत विकास लक्ष्यों में इसकी भूमिका को रेखांकित किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. सुनीता सिन्हा ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा, कि सांख्यिकी केवल आंकड़ों का विश्लेषण नहीं, बल्कि नीतियों के निर्माण, समाज के मूल्यांकन और भविष्य की दिशा तय करने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को इस दिशा में गंभीरता से अध्ययन करने और अनुसंधान हेतु प्रेरित किया।
अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ विजय कुमार गुप्ता ने कहा कि प्रो. महालनोविस ने न केवल भारत में आधुनिक सांख्यिकी की नींव रखी और सांख्यिकी को भारत में वैज्ञानिक मान्यता दिलाई बल्कि इसे राष्ट्र निर्माण का औजार भी बनाया और देश के आर्थिक विकास की दिशा तय की। उन्होंने आंकड़ों को शब्दों से ज्यादा ताकतवर बना दिया।
डॉ रिंकी कुमारी ने कहा कि प्रो पी सी महालनोविस सिर्फ एक वैज्ञानिक नही बल्कि राष्ट्र निर्माता थे। कार्यक्रम का संचालन गणित विभाग की अध्यक्षा डॉ. संगीता ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. शालिनी कुमारी गणित विभाग द्वारा प्रस्तुत किया गया।
मौके पर प्रो अरुण कुमार कर्ण, प्रो सोनी सलोनी, डॉ नीतिका सिंह, डॉ मधुलिका मिश्रा, डॉ नेहा कुमारी जायसवाल, डॉ सुमन कुमारी, डॉ सुरेश साह, डॉ फरहत जबीन, डॉ कुमारी अनु, डॉ मृत्युंजय कुमार ठाकुर, डॉ अपूर्वा मुले, डॉ मोनी शर्मा, डॉ पिंकी कुमारी, डॉ सोनल कुमारी आदि सहित सभी शिक्षक व अधिक संख्या में छात्राएं उपस्थित थी।