उजियारपुर में अगलगी से प्रभावित परिवार को दिये कई महीनों का राशन और जरूरी सामान

ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। जरूरतमंदों की मदद करना ही सच्ची समाज सेवा है। समाज सेवा के क्षेत्र में जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहने वाले समाजसेवी राजू सहनी ने एक बार फिर मानवता और सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश की है। अगलगी की घटना में अपना सबकुछ गंवा चुके एक गरीब परिवार की मदद के लिए उन्होंने आगे बढ़कर आवश्यक खाद्य सामग्री, कपड़े, बर्तन सहित अन्य घरेलू सामान उपलब्ध कराया।
शॉर्ट सर्किट से आर्थिक व घरेलू संकट उत्पन्न :
मामला समस्तीपुर जिले के उजियारपुर प्रखंड अंतर्गत लखनीपुर पहेशपट्टी पंचायत के वार्ड संख्या-13 का है। जानकारी के अनुसार, बीते 9 नवंबर को बिजली के शॉर्ट सर्किट से राजेंद्र पासवान के घर में अचानक आग लग गई थी। इस घटना में घर का काफी सामान जलकर राख हो गया, जिससे परिवार के सामने आर्थिक और घरेलू संकट उत्पन्न हो गया।
परिवार को मिली काफी राहत :
घटना की जानकारी मिलने पर समाजसेवी राजू सहनी ने पीड़ित परिवार की सुध ली। इसी क्रम में शुक्रवार को उन्होंने परिवार को कई महीनों का राशन, कपड़े, बर्तन और अन्य जरूरी घरेलू सामग्री उपलब्ध कराई। उनकी इस पहल से अगलगी के बाद मुश्किलों का सामना कर रहे परिवार को काफी राहत मिली।
उपस्थिति :
राजू सहनी की इस मानवीय पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि आपदा की घड़ी में जरूरतमंद परिवार के साथ खड़ा होना सराहनीय कदम है। मौके पर संगीता देवी, बिलट पासवान, सुरेंद्र पासवान, लालबाबू पासवान, पिंटू यादव, सीमा, सियाराम राय, सुरेश सहनी सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।