
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। शहर के गोला रोड स्थित खाटू श्याम मंदिर में चल रहे तीन दिवसीय 59वें श्री श्याम महोत्सव के दूसरे दिन श्याम निशान सह सिगड़ी निशान यात्रा से शहर का वातावरण दिनभर श्याममय बना रहा। इस दौरान श्याम निशान यात्रा में पहली बार शामिल सिगड़ी निशान यात्रा शहर वासियों के आकर्षण का केंद्र रहा।
सिगड़ी निशान लिए चल रहे थे 21 श्रद्धालू :
इस दौरान पुलिस के महिला और पुरुष जवान भी विधि व्यवस्था और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाये रखने के लिए निशान शोभायात्रा के साथ चल रहे थे। इस यात्रा में एक हजार से अधिक महिला और पुरुषों के साथ बच्चों की टोली भी शामिल थी। जबकि 21 महिला और पुरुष सिगड़ी निशान लेकर चल रहे थे।
विभिन्न मार्गों से गुजरी निशान यात्रा :
खाटू श्याम बिहारी मंदिर से निकली निशान सह सिगड़ी शोभायात्रा गोला रोड स्थित खाटू श्याम मंदिर से आरम्भ हो कर मारवाड़ी बाजार, स्टेशन रोड, रामबाबू चौक, पुरानी पोस्टऑफिस रोड, चीनी मिल, नीम गली चौक, गोला रोड होते हुए पुनः मंदिर में पहुंच समाप्त हुई।
निशान यात्रा का पुष्प वर्षा से स्वागत :
निशान यात्रियों के लिए मारवाड़ी बाजार में युगुलकिशोर पोद्दार, स्टेशन रोड में ओम पालीवाल, पुरानी पोस्ट ऑफिस रोड में आनंद खेमका, राजेश अग्रवाल, रवि सिंघानिया आदि ने निशान यात्रा में शामिल लोगों के लिए ठंडा पानी, शर्बत व आम के जूस की व्यवस्था की थी। इस दौरान जगह जगह शहरवासियों ने फूलों की बारिश कर निशान यात्रा का स्वागत किया।
एसडीओ, एएसपी, मेयर सहित कई गणमान्य हुए शामिल :
यात्रा में शामिल सूरजगढ़ से आये निशान लिए लोग बाबा श्याम के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। वही श्याम बाबा भी सजे धजे रथ पर सवार थे। जुलूस का नेतृत्व सुनील अग्रवाल, निर्मल केडिया, नयन सर्राफ, दीपू मोदी, विजय मोर आदि कर रहे थे। इस दौरान सदर एसडीएम दिलीप कुमार, सदर एसडीपीओ व एएसपी संजय कुमार पांडेय विधि व्यवस्था की खुद निगरानी करने में जुटे थे। शोभायात्रा में मेयर अनिता राम, समाजसेवी मनोज जायसवाल व राहुल कुमार भी प्रमुख रूप से शामिल थे।
कलाकारों ने बांधा समां :
शोभायात्रा समाप्त होने के बाद भजन गायिका राजस्थान अलवर की जस्सी सैनी, सूरजगढ़ के संजय सेन, योगेश शर्मा व कानपुर के श्रेष्ठ दीक्षित आदि कलाकारों ने शाम 5 बजे से भजन व भक्ति परक गीतों से समां बांध दिया। इस दौरान उपस्थित श्रद्धालू श्याममय हो कर झूमते दिखे।
संगीतमय फूलों की होली और भंडारा के साथ समापन सोमवार को :
आयोजन समिति के मीडिया प्रभारी भोला अग्रवाल ने बताया कि भजन का कार्यक्रम सुबह 5 बजे समाप्त होगा। खाटू श्याम महोत्सव का समापन 30 मार्च को महाभण्डारे के साथ होगा। इस दिन फूलों की होली के साथ इत्र वर्षा, चंग धमाल भी होगा, कलाकारों की टोली भक्ति गीतों संग भाव नृत्य भी प्रस्तुत करेंगे।