
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। भारतीय रेल यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (डीआरयूसीसी) की तृतीय बैठक को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा ने उक्त बातें कही।
इस क्रम में डीआरयूसीसी को रेलवे प्रशासन और आम यात्रियों के बीच संवाद का एक महत्वपूर्ण मंच बताते हुए उन्होंने कहा कि, “इस समिति के माध्यम से स्थानीय जरूरतों और जनभावनाओं को सीधे प्रशासन तक पहुंचाया जाता है।”
24 सदस्य व सभी शाखा अधिकारी हुए शामिल :
समस्तीपुर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित “मंथन सभागार” में शनिवार को मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (डीआरयूसीसी) की तृतीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ज्योति प्रकाश मिश्रा ने की, जबकि संचालन वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनन्या स्मृति ने किया। बैठक में समिति के 24 सदस्यों के साथ मंडल के सभी शाखा अधिकारी उपस्थित रहे।
आरओबी और आरयूबी को प्राथमिकता :
अपने अध्यक्षीय संबोधन में डीआरएम श्री मिश्रा ने समस्तीपुर मंडल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्ष 1969 में स्थापित यह मंडल पूर्व मध्य रेल का सबसे बड़ा मंडल है। मंडल में 787 समपार फाटक होने के कारण यातायात की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए रोड ओवर ब्रिज और रोड अंडर ब्रिज निर्माण को प्राथमिकता दी जा रही है।
सुविधाओं का किया जा रहा विस्तार :
उन्होंने जानकारी दी कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चयनित 23 स्टेशनों में से 6 का आधुनिकीकरण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि अगले दो-तीन महीनों में 6 और स्टेशनों का कार्य पूर्ण हो जाएगा। स्टेशनों पर आधुनिक यात्री सूचना प्रणाली, सीसीटीवी, कोच गाइडेंस डिस्प्ले, प्लेटफॉर्म डिस्प्ले बोर्ड, लिफ्ट और एस्केलेटर जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
विभिन्न स्टेशनों पर उपलब्ध सुविधाएं :
रेल सेवाओं के विकास पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि समस्तीपुर–दरभंगा रेलखंड का दोहरीकरण पूरा हो चुका है। पूर्णिया कोर्ट और नरकटियागंज स्टेशनों पर ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन स्थापित की गई है। बेतिया स्टेशन पर 12 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज चालू किया गया है, जबकि दरभंगा स्टेशन पर लिफ्ट और एस्केलेटर का कार्य प्रगति पर है। बगहा और नरकटियागंज स्टेशनों का व्यापक पुनर्विकास भी प्रस्तावित है।
निर्देश :
बैठक के दौरान समिति सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं और सुझावों को विस्तार से रखा। डीआरएम ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
आभार :
उन्होंने सदस्यों को आश्वस्त किया कि व्यवहारिक और नियमों के अनुरूप सभी प्रस्तावों पर प्राथमिकता से काम किया जाएगा। अंत में अपर मंडल रेल प्रबंधक सन्नी सिन्हा ने सभी सदस्यों और अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके रचनात्मक सुझावों से मंडल में यात्री सुविधाओं और सेवा गुणवत्ता में सुधार को नई दिशा मिलेगी।