समस्तीपुर ओवर ब्रिज पर आवागमन बंद,

ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। आज से समस्तीपुर के उत्तर और दक्षिण को जोड़ने वाला ओवर ब्रिज मरम्मती कार्य को लेकर सोमवार को बंद कर दिया जाएगा। अतः यह पुल अगले 35 दिनों तक हर आम–ओ–खास के लिए आवागमन व परिवहन हेतु उपलब्ध नहीं रहेगा। इस अवधि में लोगों की सुविधा के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है। इसके तहत शहर में आने और जाने केलिए वैकल्पिक मार्ग सुनिश्चित किए हैं।

एसडीओ की अपील और असर :
वैकल्पिक मार्गों पर अबाध आवागमन व परिवहन सुनिश्चित करने के लिए रविवार को सदर एसडीओ दिलीप कुमार के नेतृत्व में सभी वैकल्पिक मार्गों यथा, मगरदही घाट, बाईपास रोड, धरमपुर चौक समेत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान श्री कुमार ने लोगों से अतिक्रमण हटाने और पुनः अतिक्रमण का प्रयास नहीं करने की अपील की। इस क्रम में उन्होंने स्पष्ट किया कि, “सड़क और सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” प्रशासन की अपील पर कई दुकानदारों ने स्वेच्छा से अपना अतिक्रमण हटा लिया।
जेसीबी की ली गई मदद :
अभियान का मुख्य उद्देश्य वैकल्पिक मार्ग को पूरी तरह जाममुक्त बनाकर वाहनों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करना था। अभियान के दौरान जिला प्रशासन की टीम ने सड़क किनारे वर्षों से लगी अस्थायी दुकानों, ठेलों और अन्य अवैध अतिक्रमणों को हटाया। कई स्थानों पर जेसीबी मशीन की मदद से अवैध ढांचों को ध्वस्त किया गया।