
ओईनी (एनएसबी)। “कभी सफलता के पीछे नहीं, उत्कृष्टता की ओर भागना चाहिए। इस केलिये जिस क्षेत्र या विषय में अभिरुचि हो उसका सूक्ष्मता और गहराई के साथ अध्ययन करिए, सफलता अपने आप मिलेगी। उन्होंने कहा कि, स्कूल एक मात्र ऐसी जगह है जहां बच्चों समेकित रूप से सर्वांगीण विकास होता है। यही वह जगह है जहां से भविष्य की दशा और दिशा दोनों तय होती है।”

गौरवशाली अतीत हमें बेहतर करने केलिए करते हैं प्रेरित :
स्थानीय ज्ञानदा नेशनल एकेडमी के 16वें स्थापना दिवस समारोह का उद्घाटन करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. मांजरिक मृणाल ने अपने संबोधन में उक्त बातें कही। अपनी जीवन यात्रा व उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि, “बिहार और समस्तीपुर की धरती का अपना समृद्ध और गौरवशाली इतिहास है। जीवन में अपनी धरती के गौरवशाली अतीत को याद रखना चाहिए, क्योंकि वे हमें बेहतर करने केलिए प्रेरित करते हैं।”
ज्ञानदा नेशनल एकेडमी के 16वें स्थापना दिवस समारोह :
बताते चलें कि, स्थानीय ज्ञानदा नेशनल एकेडमी परिसर में मंगलवार को सुबह से ही उत्साह, उमंग और हर्ष का साम्राज्य था। मुख्य सड़क से दुल्हन की तरह सजे विद्यालय के प्रवेश द्वारा तक जगह जगह विद्यालय से पास आउट विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे छात्रों के होर्डिंग्स विद्यालय के 16 वर्षों की उपलब्धि का बखान कर रहे थे। वहीं पूरा परिसर रंग बिरंगे परिधानों में सजे बच्चों के हर्ष किलोल व कहकहाें से गुंजायमान था। अवसर था क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का सहकार ज्ञानदा नेशनल एकेडमी के 16वें स्थापना दिवस समारोह का।
वार्षिकोत्सव का उद्घाटन :
हर्षोल्लास, उत्साह और उमंग के बीच आयोजित इस वार्षिकोत्सव में स्वागत गीत के बाद सर्वप्रथम मुख्य अतिथि वारिसनगर के विधायक डॉ. मांजरिक मृणाल, विशिष्ट अतिथि वारिसनगर के लोकप्रिय पूर्व विधायक अशोक कुमार मुन्ना, पूर्व जिला पार्षद सह भूतपूर्व प्रखंड प्रमुख संजय कुमार सिंह, सहित आगत अतिथियों संग स्कूल के निदेशक अविनाश कुमार ने करतल ध्वनि के बीच संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया।

अतिथियों का स्वागत अभिनंदन :
तत्पश्चात निदेशक श्री कुमार एवं बछवाड़ा के पूर्व चिकित्सा पदाधिकारी सह हाइवे हॉस्पिटल के निदेशक सह मुख्य चिकित्सक डॉ. अमरेंद्र कुमार झा आदि ने अतिथियों का मैथिल परंपरा के अनुसार माला, शॉल, पाग, एवं पुष्प गुच्छ से स्वागत अभिनन्दन किया। उद्घाटन सत्र का संचालन संजय कुमार सिंह ने किया।
अतिथियों ने दी बधाई व शुभकामनाएं :
उद्घाटन, व स्वागत की औपचारिकता के बाद आगत अतिथियों ने अपने उद्गार व्यक्त करते हुए बच्चों, अभिभावकों व विद्यालय परिवार को बधाई और शुभकामनाएं दी।

सम्मोहन की अवस्था में झूमते तालियां बजाते दिखे अतिथि व अभिभावक :
इसके बाद संगीत शिक्षिका अंजली कुमारी के निर्देशन में विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत ऐ गिरीनंदनी… के संग भाव नृत्य के साथ समारोह के दूसरे चरण की शुरुआत हुई। जिसमें में बच्चों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक प्रस्तुतियों से अतिथियों व अभिभावकों का मन मोह लिया। इस क्रम में छोटे–छोटे बच्चों ने अपनी प्रस्तुति से ऐसा समां बांधा कि वे घंटों सम्मोहन की अवस्था में झूमते तालियां बजाते दिखे।

पुरस्कृत हुए बच्चे :
कार्यक्रम के अंत में सांस्कृतिक कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय स्तर पर आयोजित शैक्षणिक व अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर वरीय अधिवक्ता बृज नंदन राय, जदयू नेता रौशन सिंह, प्रखंड प्रमुख रविता तिवारी, समाजसेवी चिकित्सक डॉ. संजय कुमार झा, कन्हाई ठाकुर, डॉ. अग्निश किरण, आदित्य अंशु झा, सहित विद्यालय के सभी शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।
