
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर । एक बार फिर राजद नेत्री रोमा भारती पर कार्यकर्ताओं ने भरोसा जताया और वे लगातार दूसरी बार निर्विरोध जिलाध्यक्ष निवार्चित हुई।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला राजद प्रवक्ता राकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि मंगलवार को शहर के कर्पूरी आश्रम स्थित जिला राजद कार्यालय पर राजद जिलाध्यक्ष का चुनाव बेहद शांतिपूर्ण ढ़ंग से संपन्न हो गया। राजद जिलाध्यक्ष के चुनाव केलिए जिला सहायक निर्वाची पदाधिकारी मो बदरे आलम बदर की अध्यक्षता मेंएक बैठक आयोजित की गई। जिसका संचालन जिला प्रधान महासचिव विपीन सहनी ने किया।
इस अवसर सर्वप्रथम स्थानीय विधायक सह बिहार विधान सभा के मुख्य सचेतक अख्तरुल इस्लाम शाहीन ने जिलाध्यक्ष के रूप में रोमा भारती का नाम प्रस्तावित किया। जिसका सर्वप्रथम हसनपुर के पूर्व विधायक सुनील कुमार पुष्पम एवं प्रदेश महासचिव मो फैजुर रहमान फैज ने समर्थन किया। तदुपरांत उपस्थित प्रतिनिधियों एवं राजद के प्रमुख नेताओं ने करतल ध्वनि से रोमा भारती के नाम पर मुहर लगा दी।
इस प्रकार रोमा भारती लगातार दूसरी बार निर्विरोध राजद जिलाध्यक्ष समस्तीपुर निर्वाचित हुई। घोषणा होते ही उपस्थित राजद नेताओं व कार्यकर्ताओं ने माला, बुके तथा स्मृति चिन्ह दे कर नवनिर्वाचित अध्यक्ष का स्वागत किया और बधाई दी।
इससे पूर्व रोमा भारती का नाम राजद जिलाध्यक्ष के रूप में प्रस्तावित के क्रम में स्थानीय विधायक श्री शाहीन ने कहा कि जिलाध्यक्ष के रूप में रोमा भारती का कार्यकाल बेहद संतोषप्रद रहा है। इस दौरान इन्होंने कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान का ख्याल रखते हुए संगठन को मजबूती प्रदान की है।
अतः एक बार पुनः इन्हें ही राजद जिलाध्यक्ष की कमान मिलनी चाहिए। श्री शाहीन के इस कथन का वहां मौजूद कार्यकर्ताओं व नेताओं ने करतल ध्वनि से समर्थन किया। शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण चुनाव संपन्न होने पर जिला सहायक निर्वाची पदाधिकारी श्री बदर ने कार्यकर्ताओं को बधाई सहित धन्यवाद देते हुए आभार प्रकट किया।