
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। सोमवार को समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में जनगणना 2027 सहित अन्य महत्वपूर्ण प्रशासनिक विषयों पर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिसमें जिले के सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं अनुमंडल, प्रखंड एवं अंचल स्तर के पदाधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
जिओ टैगिंग लगभग 40 प्रतिशत पूर्ण :
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जनगणना 2027 के प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए बताया कि, “एचएलबी क्रिएशन एवं जिओ टैगिंग का कार्य लगभग 40 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। शेष बचे कार्य को अगले तीन दिनों के भीतर शत-प्रतिशत पूर्ण करना सुनिश्चित करें।”
13,700 स्व-गणना में 11, 700 लॉक :
साथ ही, जनगणना के प्रथम चरण में जारी स्व-गणना के कार्य में तेजी लाने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि, अब तक लगभग 13,700 स्व-गणनाएं की जा चुकी हैं, जिनमें से 11,700 व्यक्तियों द्वारा इसे अंतिम रूप से लॉक किया जा चुका है।
जनगणना 2027 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले होंगे सम्मानित :
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी सरकारी कर्मी भी स्व-गणना का कार्य शीघ्र पूर्ण करें। ताकि प्रगणकों को घर-घर सत्यापन के दौरान सुविधा हो। उन्होंने बताया कि, “जनगणना कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सरकारी कर्मियों, चार्ज ऑफिसर एवं जनप्रतिनिधियों को राज्य सरकार द्वारा सम्मानित किए जाएंगे।”
लंबित शिकायतों का 3 माह में करें निष्पादन :
इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने सभी विभिन्न सरकारी योजनाओं की नियमित जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि, “प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में प्राप्त शिकायतों की गंभीरतापूर्वक सुनवाई कर लंबित मामलों का निष्पादन अगले तीन माह के भीतर किया जाए।”
अतिक्रमण मामलों को तीन माह में करें निष्पादित :
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अतिक्रमण से जुड़े सभी लंबित मामलों को आगामी तीन माह में निष्पादित कर अतिक्रमण मुक्त कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपस्थिति :
बैठक में अपर समाहर्ता राजस्व ब्रजेश कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी एकराम अली, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रजनीश कुमार राय, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी मनीष कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।