
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 मुंगेर। मुंगेर विश्वविद्यालय में प्रस्तावित दीक्षांत समारोह की तैयारी को लेकर मंगलवार को कुलपति प्रो. (डॉ.) संजय कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। जिसमें समारोह में भाग लेने वाले विद्यार्थियों के आगमन समय, पंजीकरण प्रक्रिया व किट वितरण की व्यवस्था को अंतिम रूप देने पर चर्चा हुई।
छात्रों को एक दिन पहले मिलेगा पहचान-पत्र :
इस दौरान कुलपति ने दीक्षांत समारोह के लिए गठित सभी समितियों को दैनिक प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। बैठक में निर्णय लिया गया कि विद्यार्थियों को उनके पहचान-पत्र (आई-कार्ड) समारोह से एक दिन पूर्व वितरित किये जायेंगे। ताकि आयोजन के दिन किसी तरह की अव्यवस्था या अफरा–तफरी से बचा जा सके।
स्वागत-सत्कार तथा प्रोटोकॉल संबंधी बिंदुओं पर विमर्श :
इस क्रम में, विशेष रूप से अतिथियों के भोजन, आवास तथा उच्च स्तरीय ठहराव के लिए सर्किट हाउस व अन्य उपयुक्त स्थलों पर की जाने वाली व्यवस्थाओं पर चर्चा की गयी। समारोह में आमंत्रित किए जाने वाले विशिष्ट अतिथियों व मेहमानों की सूची के अंतिम रूप, उनके स्वागत-सत्कार तथा प्रोटोकॉल संबंधी तैयारियों पर भी विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा, मेडल प्राप्ति को लेकर छात्र–छात्राओं से प्राप्त आवेदन, तथा संबंधित अभिलेखों के सत्यापन की प्रक्रिया आदि की विस्तृत समीक्षा की गई।
समारोह को भव्य व स्मरणीय बनाने का संकल्प :
बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने अपने-अपने दायित्वों के अनुरूप तैयारियों की प्रगति से अवगत कराया तथा दीक्षांत समारोह को सफल, भव्य व स्मरणीय बनाने का संकल्प लिया। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
उपस्थिति :
बैठक में मुंगेर विश्वविद्यालय के डीएस डब्ल्यू प्रो. डॉ महेश्वर मिश्र व कुलसचिव डॉ घनश्याम राय, डीजे कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. बिजेंद्र कुमार, सीसीडीसी डॉ. दिवाकर कुमार व कुलानुशासक डॉ. जयंत कुमार आदि मौजूद थे।