
ओईनी न्यूज नेटवर्क
समस्तीपुर। महाकुंभ का समापन आगामी 26 फरवरी महाशिवरात्रि के दिन अंतिम शाही स्नान के साथ होगा। मिथिला क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस खास अवसर पर पवित्र संगम में आस्था की डुबकी लगाने की इच्छा रखते हैं। जिस कारण महाकुंभ को लेकर प्रयागराज जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में निरंतर वृद्धि हो रही है।
सीमावर्ती रेलवे स्टेशन यथा जयनगर, रक्सौल, जोगबनी आदि से हजारों श्रद्धालु प्रतिदिन प्रयागराज के लिए प्रस्थान कर रहे हैं। इसके अलावा मिथिलांचल के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में यात्री यहां पहुंच रहे हैं।

श्रद्घालुओं की यात्रा को सुगम एवं सुरक्षित बनाने हेतु स्थानीय एवं रेलवे प्रशासन पूरी तत्परता से जुटा है। इस क्रम में आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) एवं एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) के जवान यात्रियों को ट्रेनों में सुचारू रूप से बैठाने और व्यवस्था बनाए रखने में सहायता कर रहे हैं।
प्रयागराज जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष ट्रेन सेवाएं चलाई जा रही हैं। गुरुवार एवं शुक्रवार को 18 जनरल बोगियों वाली स्पेशल ट्रेन जयनगर से रवाना हुई। वहीं शुक्रवार को यात्रियों की भीड़ को सुव्यवस्थित करने के लिए प्लेटफार्म-1 पर रस्सी से बैरिकेडिंग की गई, जिससे यात्रियों को क्रमबद्ध रूप से डिब्बों में बैठाया जा सके।
भीड़ नियंत्रण के लिए स्थानीय प्रशासन द्वारा भी विशेष सहयोग प्रदान किया जा रहा है। जिसमें एसडीआरएफ, सैप तथा स्थानीय पुलिस के जवान शामिल हैं। इस दौरान आरपीएफ के तैनात जवान भी यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने में सहायता कर रहे और भीड़ को व्यवस्थित करने में सक्रिय रूप से भूमिका निभा रहे। समस्तीपुर मंडल के सभी विभागों के कार्यालय कर्मचारियों को भी भीड़ व्यवस्था तथा प्रबंधन कार्य में लगाया गया है।

यात्रियों की सुविधा हेतु रेलवे की ओर से कई तरह की सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। होल्डिंग एरिया में पीने के स्वच्छ जल की व्यवस्था की गई है। वाणिज्य विभाग द्वारा होल्डिंग एरिया में ही अनारक्षित टिकट काउंटर खोला गया है।
स्टेशन पर जनता मील की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है जिसमे यात्रियों को 20 रुपये के मामूली कीमत पर पूरी, सब्जी, अचार उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त सभी स्टेशनों के स्टाल पर प्रचुर मात्रा में खाने-पीने के सामानों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।

होल्डिंग एरिया में रेलवे की मेडिकल टीम भी तैनात है जो किसी भी आपात मेडिकल स्थिति में यात्रियों को प्राथमिक उपचार दे सके। इसके अतिरिक्त लगातार उद्घोषणाओं के माध्यम से यात्रियों को निर्देशित किया जा रहा है।

मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों पर मण्डल के शाखा अधिकारियों को नोडल ऑफिसर बनाकर नियुक्त किया गया है जिनके सहयोग हेतु दो अन्य कनीय अधिकारी भी हैं। अपर मंडल रेल प्रबंधक को जयनगर स्टेशन का नोडल अधिकारी बनाया गया है जो वहां 27 फरवरी तक रहेंगे और व्यवस्था की मॉनिटरिंग करेंगे। मरेप्र स्वयं सारे प्रबंधों एवं व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।

समय समय पर टिकट चेकिंग भी की जा रही है जिससे कि आरक्षित टिकट लेकर चलने वाले यात्रियों को तकलीफ न हो। साथ ही समय समय पर यात्रियों से फीडबैक भी लिया जा रहा है जिससे अगर किसी भी तरह की कमी हो तो उसे तुरंत दूर किया जा सके। रेलवे प्रशासन एवं स्थानीय प्रशासन सभी श्रद्धालुओं से संयम और अनुशासन बनाए रखने की अपील करता है, ताकि यात्रा सुखद और सुरक्षित बनी रहे।
