
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। “आपदा प्रबंधन में ‘रिस्पॉन्स’ से अधिक महत्वपूर्ण ‘प्रीवेंशन’ (बचाव) है। इसलिए सभी अधिकारी प्रो-एक्टिव मोड में रहें। फील्ड स्तर पर तैनात अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में आम जनता को कोई असुविधा न हो। लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
समाहरणालय सभागार में आगामी गर्मी के मौसम में हीट वेव (लू) से बचाव और मॉनसून पूर्व एहतियाती तैयारियों को लेकर आयोजित महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा ने उक्त बातें कही। इस दौरान उन्होंने जिला प्रशासन की तत्परता और आम जनमानस की सुरक्षा पर विशेष बल दिया।
लू (हीट बेव) से बचाव एवं स्वास्थ्य प्रबंधन :
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि, बढ़ते तापमान को देखते हुए जिले के सभी सार्वजनिक स्थानों, यथा— बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और प्रमुख बाजारों में शुद्ध पेयजल (प्याऊ) की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही सिविल सर्जन को निर्देशित किया कि, “सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, अनुमंडल व रेफरल अस्पतालों और सदर अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में ओआरएस पैकेट, जीवन रक्षक दवाएं और ‘हीट वेव वार्ड’ की व्यवस्था सुनिश्चित करें।”
कार्य समय में बदलाव:
इसी क्रम में जिलाधिकारी ने श्रम विभाग को निर्माण स्थलों पर कार्य करने वाले मजदूरों के लिए कार्य समय में बदलाव और कार्यस्थल पर छायादार स्थान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
मॉनसून पूर्व तैयारियाँ (बाढ़ एवं जलजमाव) :
आगामी मॉनसून के दौरान बाढ़ और जलजमाव की चुनौतियों से निपटने के लिए डीएम ने स्पष्ट आदेश व निर्देश दिए। यथा,
तटबंध एवं नाला सफाई : बाढ़ और जलजमाव से उत्पन्न हालातों से निपटने केलिए जिलाधिकारी श्री कुशवाहा ने नगर निगम और संबंधित विभागों को शहरी क्षेत्रों में नालों की सफाई का कार्य ससमय पूर्ण करने तथा जल संसाधन विभाग को संवेदनशील तटबंधों की निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए।
राहत सामग्री एवं संसाधन : वहीं नावों का पंजीकरण, गोताखोरों की सूची और लाइफ जैकेट जैसे उपकरणों की भौतिक जांच कर उन्हें क्रियाशील रखने का आदेश दिए।
जन-जागरूकता अभियान : इस क्रम में, जिलाधिकारी ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को निर्देश दिया कि, “सोशल मीडिया, माइकिंग और विज्ञापनों के माध्यम से लोगों को लू से बचने के उपायों के बारे में जागरूक किया जाए।”
जनता से अपील :
साथ ही श्री कुशवाहा ने लोगों से अपील किया कि, “गर्मी के दिनों में खास कर दोपहर के समय अनावश्यक घरों से बाहर न निकलें। निकलना यदि बेहद आवश्यक हो तो खुद को अच्छी तरह से ढक कर निकलें और अधिक से अधिक तरल पदार्थों का सेवन करें।”