
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। पुलिस डिप्टी सीएम के इर्द गिर्द मंडराती रही इसी बीच बदमाशों ने दिन दहाड़े बंधन बैंक लूट लिए। वह भी सिर्फ 10 मिनट में।
अपराधियों का मनोबल चरम पर :
चौंकिए मत। यह सच है कि, सतर्क चुस्त पुलिसिंग और निरंतर गश्ती के पुलिसिया दावों प्रतिदावों के बीच जिले में अपराधियों का मनोबल चरम पर है। उनके हौसले इतने बुलंद हैं कि, वे दिन दहाड़े किसी वारदात को अंजाम देने से नहीं हिचकते। इसी कड़ी में सोमवार को 5 बदमाशों ने सरायरंजन थाना क्षेत्र के झखरा रोड शीतलपट्टी स्थित बंधन बैंक में दिन दहाड़े लूट की घटना को अंजाम दिया और आराम से हथियार लहराते हुए फरार हो गए।
2 बाइक से आए 5 बदमाश :
इस बाबत जानकारी देते हुए शाखा प्रबंधक प्रवीण कुमार ने बताया कि, दोपहर करीब 2:30 बजे बैंक में कर्मी सुनील कुमार, सोनू कुमार, मिथुन कुमार के अलावा 3 महिला और एक पुरुष ग्राहक मौजूद थे । इसी बीच 5 बदमाश 2 बाइक से आए थे।
उतरवाए महिलाओं के आभूषण :
अन्दर प्रवेश करते ही उन्होंने ग्राहकों व कर्मियों को हथियार दिखा कर बंधक बना लिया और करीब 10 मिनट में 1.8 लाख रुपए लूट कर ले गए। इस दौरान उन्होंने महिला ग्राहकों से आभूषण भी उतरवा कर ले गए।
जांच में जुटी पुलिस :
इस दौरान एक ग्राहक द्वारा विरोध करने पर बदमाशों ने उसके साथ मारपीट भी की। वारदात के बाद सभी बदमाश झखरा कॉलेज की ओर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सरायरंजन पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है।
4 किलोमीटर दूर थे डिप्टी सीएम :
बताते चलें कि, यह घटना तब हुई जब घटनास्थल से महज 4 किमी की दूरी पर क्षेत्र में स्थानीय विधायक और बिहार सरकार के डिप्टी सीएम विजय चौधरी एक कार्यक्रम में पहुंचे हुए थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक अधिकतर पुलिस कर्मियों को डिप्टी सीएम की सुरक्षा में लगाया गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। तबतक बदमाश अपना काम कर जा चुके थे।
शीघ्र गिरफ्तार कर लिए जाएंगे बदमाश :
इस दौरान ग्राहक रतन कुमार ने विरोध किया तो उनके साथ मारपीट भी की गई। महिला ग्राहकों में सुदामा देवी, अनीशा देवी और गुड़िया देवी शामिल हैं। घटनास्थल पर पहुंचे एएसपी संजय पांडे ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। बैंक और आसपास लगी सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। शीघ्र ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।