
Oini News Network
ओईनी 24 विद्यापतिनगर । प्रखंड अंतर्गत उच्चतम माध्यमिक विद्यालय वाजिदपुर के सामने एक पखवाड़े से जलजमाव और कीचड़ के कारण स्कूलों बच्चों को विद्यालय आने में परेशानी हो रही है।
विद्यालय के भवन से सटे वाजिदपुर बाजार की मुख्य सड़क पर हमेशा जल जमाव और कीचड़ की स्थिति बनी रहती है। छोटे-छोटे नौनिहालों को कीचड़ से होकर वर्ग कक्ष में पहुंचना पड़ता है।
ऐसे में आए दिन स्कूली छात्र इस कीचड़ में गिरकर चोटिल होते रहते हैं। विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका चंदा प्रियदर्शनी पंचायत के मुखिया मुकेश कुमार तथा विभाग के अधिकारियों से इस समस्या के निदान के लिए गुहार लगा चूकी हैं।
लेकिन न तो अधिकारियों ने इस पर ध्यान दिया और न ही मुखिया ने ही समस्या का समाधान किया। ऐसे में शुक्रवार को स्कूली बच्चों ने खुद कमान संभाली, और मुख्य सड़क के बीचों-बीच ईंट डालकर रास्ता आसान बना दिया।
हालांकि बच्चों द्वारा सड़क पर ईंट डालने का विडियो स्थानीय लोगों द्वारा वायरल किया जा रहा है। इस बाबत प्रधानाध्यापिका चंदा प्रियदर्शनी ने बताया कि विद्यालय में जगह का अभाव है। वर्ग कक्ष सड़क से सटा हुआ है।
इस कार्य में बच्चों की पढाई बाधित नहीं हुई है, बच्चों ने लंच के समय में स्वेच्छा से स्वयं सड़क पर ईंट बिछाया है।