
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
पटना। स्वास्थ्य विभाग ने राज्य के नौ मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में नए उपाधीक्षकों को पदस्थापित किया है। मंगलवार को उक्त आशय का आदेश जारी करते हुए विभाग ने कहा है कि प्रशासनिक नियंत्रण में कार्यरत चिकित्सक शिक्षकों व चिकित्सा पदाधिकारियों को यह पद दिया गया है। विभाग ने इन अस्पतालों में कार्यरत उपाधीक्षक सह चिकित्सा पदाधिकारियों को नव नियुक्त पदाधिकारियों को प्रभार सौंपने का निर्देश दिया है।
इस बाबत मिली जानकारी के मुताबिक विभाग ने डॉ. राजीव रंजन सिन्हा को नालंदा चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल पटना, डॉ. रेखा झा और डॉ. अजय कुमार सिंह को जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल भागलपुर, डॉ. बिपुल कुमार और डॉ. प्रवीण कुमार अग्रवाल को अनुग्रह नारायण मगध चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल गया का उपाधीक्षक बनाया है। इसी प्रकार डॉ. रेशिता को भगवान महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान पावापुरी नालंदा, डॉ. दिवाकांत मिश्र और डॉ. दिनबंधु प्रसाद को राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल पूर्णिया तथा डॉ. अनुपम कुमारी और डॉ. निर्मला कुमारी को राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल छपरा का उपाधीक्षक बनाया गया है।