
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 ओईनी। थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर कोआरी में नकली खाद पाए जाने की खबर से सनसनी फैल गई। इसकी जानकारी मिलते ही जनसुराज पार्टी के क्षेत्रीय प्रभारी सह पूर्व जिला पार्षद संजय कुमार सिंह ने तत्काल कृषि विभाग के अधिकारियों को इसकी सूचना दी। फिर क्या था, पूरे कृषि विभाग में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते अनुमंडल से प्रखंड तक के तमाम कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक आदि ओईनी स्थित बिस्कोमान भवन पर पहुंचे और मामले की पड़ताल की।
डिजाइन और मटेरियल से हुआ संदेह :
इस दौरान श्री सिंह ने पदाधिकारियों को बताया कि, प्रथम दृष्टया डीएपी के पैकेट पर लिखावट और डिजाइन और डीएपी के रंग को लेकर संदेह उत्पन्न हुआ। खेत में छिड़के जाने के बाद खाद के नहीं गलने पर संदेह को बल मिला। क्योंकि डीएपी मिट्टी और हवा से प्रतिक्रिया कर घुल जाता है। किसानों ने मुझे बताया तो मैंने इसकी जानकारी अधिकारियों को दे दी।
गड़बड़ी की लेश मात्र भी गुंजाइश नहीं :
नकली खाद की खबर मिलने पर पहुंचे बिस्कोमान के निदेशक राम कलेवर सिंह ने कहा कि, खाद रैक प्वाइंट से सीधे गोदाम तक पहुंचता है। इसलिए इस तरह के किसी गड़बड़ी की लेश मात्र भी गुंजाइश नहीं है। फिर भी, किसानों की शिकायत के आलोक में खाद के नमूने को गुणवत्ता परीक्षण केंद्र भेजा जा रहा है, शिकायत सही पाए जाने पर दोषी को चिन्हित कर समुचित कार्रवाई की जाएगी।
आर्थिक नुकसान के साथ–साथ अरमान धुलने का खतरा :
इस दौरान जनसुराज किसान प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष श्याम कुमार चौधरी ने कहा कि, किसान डीएपी का प्रयोग अच्छी फसल प्राप्त करने केलिए करते हैं। नकली खाद से किसानों को आर्थिक नुकसान के साथ–साथ, उनके अरमानों पर पानी फिरने का भी खतरा है।
एस.ए.ओ. ने किया नमूना संग्रह :
सूचना मिलने पर पहुंचे एसएओ प्रमोद सहनी ने गोदाम एवं आवक पंजी आदि का निरीक्षण किया। तत्पश्चात गोदाम में उपलब्ध संदिग्ध पैकेट से विधिवत नमूना संग्रह कर मुहर बंद किया और जांचोपरांत सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।
उपस्थिति :
मौके पर प्रखंड कृषि पदाधिकारी शेखर कुमार मधुकर, कृषि समन्वयक नवीन कुमार, मनोज कुमार, राकेश कुमार सिंह, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी राजीव नयन, शिकायतकर्ता किसान राम हरेश सिंह, फूलबाबू सिंह, कुंदन कुमार, अनिल कुमार गौतम, आदि मौजूद थे।