
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। “अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति समुदाय के विरुद्ध अत्याचार के मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसलिए संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने हेतु समन्वित प्रयास करें।”
त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई का निर्देश :
अनुमंडल पदाधिकारी सदर दिलीप कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को अनुमंडल सभा कक्ष में आयोजित एक बैठक के दौरान उक्त बातें कही। इस दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को सभी लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन, पीड़ितों को नियमानुसार राहत एवं पुनर्वास संबंधी लाभ उपलब्ध कराने तथा त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
आवेदनों व कार्रवाई की बिंदुवार समीक्षा :
बताते चलें कि, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अनुश्रवण समिति की द्वितीय त्रैमासिक बैठक आयोजितy की गई। जिसमें प्रखंडवार एवं थानावार अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 के अंतर्गत दर्ज मामलों, प्राप्त आवेदनों तथा उन पर की गई कार्रवाई की बिंदुवार समीक्षा की गई।
समापन :
इस क्रम में बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं समिति के सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों पर भी विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया। सामाजिक समरसता, विधि-व्यवस्था एवं कमजोर वर्गों के अधिकारों की रक्षा के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए बैठक का समापन किया गया।
उपस्थिति :
बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अनुमंडल क्षेत्रान्तर्गत सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, राजस्व पदाधिकारी, सभी थाना अध्यक्ष, अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं विकास मित्र उपस्थित थे।