
ओईनी न्यूज नेटवर्क
पूसा । हमारा भारत कृषि प्रधान देश है। क्योंकि आज भी देश की अर्थ व्यवस्था का बड़ा हिस्सा कृषि क्षेत्र पर निर्भर है। इसलिए इसमें कोई संदेह नहीं कि विकसित भारत बनाने में किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। डाॅ राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय स्थित खेल ग्राउंड में आयोजित तीन दिवसीय किसान मेला 2025 के समापन समारोह की अध्यक्षता करते हुए कुलपति डाॅ पुण्यव्रत सुविमलेंदु पांडेय ने उक्त बातें कही।
उन्होंने कहा किसान मेला एवं किसानो के सहयोग से विकसित भारत की संकल्पना को बल मिलेगा। बताते चलें कि डाॅ राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय स्थित खेल ग्राउंड में आयोजित “जलवायु अनुकूल खेती से विकसित भारत की ओर” थीम पर आधारित तीन दिवसीय किसान मेला 2025 सोमवार को पुरस्कार वितरण के साथ समारोह पूर्वक सम्पन्न हो गया।

मेले की सफलता को लेकर छात्रों, एवं वैज्ञानिकों के दलों के साथ-साथ आगत किसानों व उद्यमयों को धन्यवाद धन्यवाद देते हुए उन्होंने कहा कि मेले में मौजूद किसानों के जत्थे ने इतिहास रच दिया है। इस मेले में हमारे वैज्ञानिकों की सोच प्रदर्शित की गई। जिसमें विश्वविद्यालय के अधिष्ठाताओं, निदेशकों, वैज्ञानिकों एवं कर्मचारी व छात्र छात्राओं की सहभागिता अकल्पनीय रही है।
वीसी डाॅ पाण्डेय ने कहा कि किसानो की समस्या के ससमय निदान पर ध्यान देने की जरूरत है। किसानों के भविष्य संवारने की दिशा में विश्वविद्यालय अपनी जिम्मेदारी का बाखूबी निर्वहन कर रहा है। इसी भूमिका के तहत आयोजित किसान मेला में शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़े दर्जनों तकनीकों की प्रदर्शनी, और विभिन्न प्रतिष्ठानो द्वारा आयोजित मेले के थीम व प्राकृतिक खेती केलिए जागरूकता शिविरों ने मेले की उपयोगिता स्थापित की है।
इस अवसर पर विभिन्न कृषि विज्ञान केंद्र के किसानों को भी पुरस्कृत किए गये। पुरस्कार लेने वालों में दरभंगा जाले से पार्वती देवी एवं रामबाबू, मधुबनी सुखैत से शिला देवी एवं शक्तिनाथ झा, बिरौली से रीता देवी एवं लक्ष्मण सिंह, वैशाली से नीलम सहनी एवं विजय कुमार साह, आदि शामिल हैं। इस दौरान फसल एवं तकनीक सहित अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले किसान व संस्थान को भी पुरस्कृत किया गया। शिव शक्ति एग्रीटेक लिमिटेड, शिवम् डेयरी, सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले संस्थानो को भी पुरस्कृत किया गया।
इस वर्ष मेला में उड़ीसा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, आन्ध्रप्रदेश सहित अन्य प्रदेशों के किसान व कृषि उत्पादों के निर्माता और निर्यातक संस्थानों ने भी हिस्सा लिया। कार्यक्रम का संचालन डाॅ मीनाक्षी द्विवेदी एवं धन्यवाद ज्ञापन वैज्ञानिक डाॅ बिनीता सतपथी ने की।
मौके पर सूचना पदाधिकारी डाॅ कुमार राज्यवर्धन, निदेशक प्रशार शिक्षा डॉ मयंक राय, निदेशक शिक्षा डॉ उमाकांत बेहरा, निदेशक अनुसंधान डॉ एके सिंह, अधिष्ठाता डॉ उषा सिंह, डॉ अमरेश चंद्रा, डॉ पीपी श्रीवास्तव, डॉ आरके झा, डाॅ दिव्यांशु शेखर, डॉ आर के तिवारी आदि, उपस्थित थे। इस दौरान जननायक देश रत्न कर्पूरी ठाकुर की पुण्य तिथि पर उन्हें याद करते हुए विनम्र श्रद्धांजलि दी गई।