छठ पर्व को लेकर जिलाधिकारी ने विभिन्न छठ घाटों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। सभी छठ घाटों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में नियमित रूप से सफाई अभियान चलाया जाए। साथ ही श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए पहुंच पथों को दुरुस्त करने तथा घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित किया जाए।
सोमवार को छठ घाटों का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने संबंधित अधिकारियों से उक्त बातें कही। इस दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और जरूरी निर्देश दिए। इस क्रम में उन्होंने कहा कि, व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के मद्देनजर सभी आवश्यक प्रबंध समय से पूर्ण कर लिए जाएं।
डीएम ने छठ घाटों का किया निरीक्षण :
प्रकृति पूजन की परम्परा के तहत पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, और पवित्रता के साथ लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी, रोशन कुशवाहा ने नगर निगम समस्तीपुर अंतर्गत विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस क्रम में जिलाधिकारी ने छठ घाटों की साफ-सफाई, घाटों तक पहुंचने वाले मार्गों की स्थिति, जल की उपलब्धता एवं स्वच्छता, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, श्रद्धालुओं के आवागमन तथा अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं की समीक्षा की।
बैरिकेडिंग सहित आवश्यक तैयारी के साथ रहें सतर्क :
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश देते हुए कहा कि घाटों पर आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए एसडीआरएफ की टीम को भी आवश्यक तैयारी के साथ सतर्कता बनाए रखने का निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि, घाटों पर खतरनाक एवं अधिक गहरे जल वाले स्थानों को चिह्नित कर आवश्यक बैरिकेडिंग की जाए तथा पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित गोताखोरों एवं आपदा मित्रों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए।
भीड़ प्रबंधन के लिए प्रभावी व्यवस्था करने के भी दिये निर्देश :
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर पेयजल, शौचालय, चेंजिंग रूम, प्राथमिक चिकित्सा सहित सभी अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त घाटों पर नियंत्रण कक्ष, आवश्यक सूचना एवं चेतावनी संकेतक लगाने तथा भीड़ प्रबंधन के लिए प्रभावी व्यवस्था करने के भी निर्देश दिये।
सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर करें पूर्ण :
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि छठ महापर्व लोक आस्था का महत्वपूर्ण पर्व है। इस अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं की आस्था एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाएं तथा वरीय पदाधिकारी नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करें, ताकि छठ पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
मौजूदगी :
निरीक्षण के दौरान मेयर अनीता राम, अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, नगर आयुक्त गौतम कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी समस्तीपुर राकेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारीगण तथा एसडीआरएफ के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।