
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। रेल हम सबकी संपत्ति है, इसलिए इसकी सुरक्षा हम सभी की जिम्मेदारी है। कभी भारतीय रेल के हर डिब्बे में यह उक्ति कहीं न कही दिख ही जाती थी। मगर ये पंक्तियां आज बेमानी हो गई हैं। सिपाही भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों के सुविधा की चिंता का खामियाजा रेलवे को करोड़ों रुपए की क्षति के रूप में भुगतना पड़ा। क्योंकि, उक्त परीक्षा को लेकर रेलवे मंडल प्रशासन द्वारा चलाई गई परीक्षा स्पेशल गाड़ियों में छात्रों जम कर उत्पात मचाया।
सीट को फाड़ कर किया तहस–नहस :
इस क्रम में उन्होंने न सिर्फ बोगियों में सीट कवर और खिड़की को नुकसान पहुंचाया बल्कि टॉयलेट को भी पत्थर, बोतल आदि से जाम कर दिया। परीक्षा स्पेशल ट्रेन जब वापस यार्ड में गुरुवार को पहुंची, तो बोगी की स्थिति देख रेलवे अधिकारी दंग रह गये। ट्रेन की अधिकतर बागियों में सीटों को फाड़ कर तहस नहस कर दिया गया था।
सीट के कवर को चाकू से काटा :
इस बाबत समस्तीपुर मंडल रेल प्रशासन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि, सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर भीड़ नियंत्रण एवं छात्रों की सुविधा केलिए रेलवे मंडल प्रशासन की ओर से मंडल के अलग-अलग स्टेशनों से 12 परीक्षा स्पेशल गाड़ियां चलाई गई थी। जिसके अधिकांश डिब्बों में छात्रों ने जम कर उत्पात मचाया।
इमरजेंसी खिड़की को भी नुकसान :
यहां तक की महिला बोगी की सीट भी सुरक्षित नहीं रही। इस बोगी में तो सबसे ज्यादा बर्बादी हुई है। महिलाओं के लिए आरक्षित बोगी संख्या 084358 के लगभग सभी सीटों को तोड़ दिया गया है। साथ ही सीट कवर को फाड़ दिया गया। इमरजेंसी खिड़की को भी नुकसान पहुंचाया गया है।
टॉयलेट भी किया जाम :
इसके अलावा बोगी संख्या 084404 में 50 से अधिक सीट कवर को फाड़ दिया गया है। जिससे अब सीट बैठने लायक नहीं रही है। इतना ही नहीं बोगी के टॉयलेट में भी पत्थर आदि डालकर जाम कर दिया गया है। इसी तरह मुजफ्फरपुर से खोली गई परीक्षा स्पेशल ट्रेन की बोगी संख्या 084572 सी की लगभग सभी सीटों को तोड़ दिया गया है। सीट के कवर को चाकू से काटकर बर्बाद कर दिया गया है।
लाखों रुपए की क्षति :
इस सम्बन्ध में क्षोभ जताते हुए डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने बताया कि, केंद्रीय चयन परिषद की सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर समस्तीपुर रेलवे मंडल ने समस्तीपुर समेत विभिन्न स्टेशनों से परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया था। लेकिन यह दु:खद है कि, ट्रेन की बोगियों को परीक्षार्थियों ने व्यापक नुकसान पहुंचाया है। बोगियों की मरम्मत में लाखों रुपए खर्च होंगे।