
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। बुधवार को समाहरणालय सभागार में अपर मुख्य सचिव, योजना एवं विकास विभाग-सह-प्रभारी सचिव, समस्तीपुर डॉ. विजयलक्ष्मी, की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिसमें उन्होंने एल.पी.जी. सहित आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति, प्रवासी श्रमिकों के हित और विभिन्न विभागीय योजनाओं की वर्तमान स्थिति की गहन समीक्षा की एवं संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीजल और पेट्रोल की निर्बाध आपूर्ति :
एलपीजी सहित पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता को लेकर जिला में एल.पी.जी. के स्टॉक, बैकलाग और वेटिंग टाइम की समीक्षा करते हुए डॉ. विजयलक्ष्मी ने निर्देश दिया कि, “उपभोक्ताओं को रिफिल के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े, इसे सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, डीजल और पेट्रोल की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाएं।”
शहरी क्षेत्रों में स्वच्छ एवं सुरक्षित ईंधन की हो पहुंच :
इस दौरान उन्होंने जिले में पी.एन.जी. पाइप लाइन बिछाने और इसके कार्यान्वयन की तैयारियों पर चर्चा की। साथ ही बुनियादी ढांचे के विकास में तेजी लाने का भी निर्देश दिया ताकि शहरी क्षेत्रों में स्वच्छ एवं सुरक्षित ईंधन की पहुंच सुलभ हो सके।
समय समय पर नियमित अनुश्रवण :
इसके अलावा उन्होंने आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत खाद्य पदार्थों की कीमतों की सख्त निगरानी के निर्देश देते हुए मुनाफाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए नियमित छापेमारी और बाजार अनुश्रवण करने को कहा ताकि आम जनता को उचित दर पर सामग्री मिल सके।
दीदी की रसोई :
प्रवासी मजदूरों के हितों की सुरक्षा और उनके कौशल मैपिंग पर जोर दिया गया। सरकारी आवासीय विद्यालयों और छात्रावासों के संचालन की स्थिति का जायजा लिया गया। ‘दीदी की रसोई’ के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने और इसे सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए।
किसानों को न हो परेशानी :
बैठक के दौरान आगामी सीजन को देखते हुए उर्वरक उपलब्धता की समीक्षा की गई। जिसमें प्रभारी सचिव ने पिछले वर्षों के विक्रय प्रतिवेदन के आधार पर खाद की मांग और आपूर्ति का संतुलन बनाए रखने का निर्देश दिया ताकि किसानों को परेशानी न हो।
कंट्रोल रूम को 24×7 प्रभावी ढंग से हो संचालित :
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को सक्रिय रहने का निर्देश देते हुए डॉ. विजयलक्ष्मी ने कहा कि, दैनिक प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जनता से सीधा संवाद स्थापित करें। सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक खबरों का तत्काल खंडन करने और जिला कंट्रोल रूम को 24×7 प्रभावी ढंग से संचालित करने का आदेश दिया।
लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई :
इस क्रम में उन्होंने कहा कि, “प्रशासन का मुख्य उद्देश्य अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी सेवाओं का लाभ पहुँचाना है। किसी भी आवश्यक वस्तु की किल्लत बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई होगी।”
सभी संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी थे उपस्थित :
बैठक के अंत में जिला के अन्य विभिन्न विभागों की कार्यप्रगति की भी समीक्षा की गई। मौके पर प्रभारी जिलाधिकारी सह उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता राजस्व ब्रजेश कुमार, सहित सभी संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।