
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। “चुनाव संपन्न हुए 8 महीने गुजर जाने के बावजूद मतदान कार्य का भुगतान नहीं होने के कारण वाहन स्वामियों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। हमने जिलाधिकारी से इस संदर्भ में पहल करने का आग्रह भी किया था। मगर कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई। इसलिए हम अपने अधिकारों के लिए सड़क पर उतरने को मजबूर हैं।”
चुनाव के 8 माह बाद भी भुगतान नहीं :
सोमवार को जिला मोटर व्यवसायी संघ की बैठक में संघ के जिलाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि, “चुनाव हेतु वाहन अधिग्रहण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा था कि, चुनाव बाद वाहन मालिकों का अविलंब भुगतान किया जाएगा। मगर आज 8 माह बाद भी भुगतान नहीं हो सका है।”
25 मई को दी थी चेतावनी :
श्री सिंह ने बताया कि, चुनाव कार्य में लगाए गए वाहनों का लगभग पांच करोड़ रुपये मुआवजा पिछले आठ महीने से लंबित है। इस संबंध में 25 मई को सैकड़ों वाहन स्वामियों ने जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी को आवेदन देकर शीघ्र भुगतान की मांग की थी। उस समय प्रशासन को स्पष्ट रूप से अवगत कराया गया था कि, “यदि 10 दिनों के भीतर बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने को बाध्य होगा।”
आंदोलन ही एक मात्र रास्ता :
संघ कार्यालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष श्री सिंह ने कहा कि, “अब जबकि 10 दिन से अधिक हो गए हैं, विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान अधिग्रहित वाहनों का बकाया मुआवजा भुगतान नहीं हो सका है। ऐसे में अपने अधिकार के लिए आंदोलन ही एक मात्र रास्ता बचा है।”
पुतला दहन का निर्णय :
बताते चलें कि, सोमवार को संघ के कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। जिसमें सर्वसम्मति से चरण बद्ध आंदोलन का ऐलान किया गया। इसी क्रम में 11 जून को समाहरणालय पर विरोध प्रदर्शन एवं चुनाव आयोग के पुतला दहन का निर्णय लिया गया।
अगला चरण – चक्का जाम :
संघ के महामंत्री संजीव कुमार सुमन ने कहा कि 11 जून के विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन के बाद भी यदि बकाया राशि का भुगतान नहीं होता है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। अगले चरण में शहर में चक्का जाम किया जाएगा, जिसके तहत वाहन स्वामी अपनी गाड़ियां सड़कों पर खड़ी कर विरोध दर्ज कराएंगे।
उपस्थिति :
मौके पर संघ के उपाध्यक्ष बिंदु राय, संतोष कुमार सिंह, विनय कुमार सिंह, सचिव राजबाला राय, उमेश राय, संतोष साह, संजय माथा, सुनील राय, रामकृष्ण राय, विकास कुमार, अशोक राय, रिंकू सिंह, अमितेश सिंह, मिथिलेश राय, सत्यम शिवम समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।