
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 विद्यापतिनगर। संवेदक की कलाकारी कहें या निर्माण एजेंसी की करतूत या फिर प्रशासनिक उदासीनता, या बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार, कारण जो भी हो मगर नवनिर्मित थाना भवन का दरकना स्वतः एक साथ कई सवालों को जन्म देता है।
गुणवत्ता और भ्रष्टाचार का गठजोड़ :
जी हां! प्रखंड के घटहो स्थित नवनिर्मित मॉडल थाना भवन का यही हाल है जिसकी दीवारें उद्धाटन होने से पहले दरकने लगी है। जानकार सूत्रों की मानें तो, सूबे में प्रत्येक नव निर्मित थाना भवन के लिए निविदा से लेकर संवेदक बहाली, निर्माण कार्य निरीक्षण व भुगतान तक पटना स्थित पुलिस मुख्यालय से ही तय किया गया है। बहरहाल इसकी जानकारी मिलते ही निर्माण के गुणवत्ता और भ्रष्टाचार के गठजोड़ को लेकर लोगो में चर्चा का बाजार गर्म है।
कोई अधिकारी कुछ बोलने को तैयार नहीं :
बताया गया है, कि करोड़ो रुपए (करीब 5–6करोड़) की लागत से बने इस मॉडल थाना भवन का उद्धाटन होना अभी शेष है। लेकिन भवन की दीवारों में कई जगह दरारें आ गई है। उस दरार से वर्षा के समय पानी के प्रवेश होने से भवन की स्थिति खराब हो सकती है। इस संबंध में कोई अधिकारी कुछ बोलने को तैयार नहीं है।
क्या करेंगे अधिकारी :
हालांकि एक पुलिस कर्मी ने नाम नहीं छापने के शर्त पर इसकी पृष्टि करते हुए बताया कि, भवन में कई जगहों पर दरार बन गया है जो निर्माण के गुणवत्ता का आईना है। अब देखना यह है कि, विभाग के आला अधिकारी इसी भवन का उद्धाटन करेंगे या फिर इसमें सुधार किया जाएगा।