
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 दलसिंहसराय। आम नागरिकों के शपथ पत्रों में अब शपथकर्ता के नाम अंकित 100 रुपए के कोर्ट फी स्टाम्प का ही उपयोग किया जाएगा। विशेष परिस्थितियों में भी केवल 100 रुपए का ही स्टाम्प मान्य होगा।
सभी वकील व संघ के पदाधिकारी शामिल :
अनुमंडल कार्यालय परिसर में बुधवार को शपथ पत्रों में उपयोग होने वाले कोर्ट फी स्टाम्प को लेकर आयोजित अहम बैठक में उक्त निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी किशन कुमार ने की। इसमें नॉटरी पब्लिक, अनुमंडलीय अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी और सहायक सरकारी वकील शामिल हुए।
कोर्ट फी स्टाम्प की बढ़ती मांग :
बैठक में सर्व सम्मति से 10 रुपए के कोर्ट फी स्टाम्प के उपयोग पर पूरी तरह रोक लगाने पर सहमति बनी। बैठक के दौरान आगामी पंचायत चुनाव को देखते हुए कोर्ट फी स्टाम्प की बढ़ती मांग पर भी चर्चा हुई।
जाली स्टाम्प के उपयोग पर सख्ती :
इस दौरान वर्तमान में एक ही काउंटर होने के कारण लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए परिसर में एक अतिरिक्त कोर्ट फी काउंटर खोलने का प्रस्ताव रखा गया। अनुमंडल पदाधिकारी ने इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके अलावा जाली स्टाम्प के उपयोग पर सख्त कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया।
नॉटरी एक्ट के अनुसार करें कार्य :
साथ ही एक व्यक्ति द्वारा अधिक मात्रा में स्टाम्प खरीदने के मुद्दे पर भी चर्चा के दौरान एसडीओ ने अधिवक्ता संघ से स्टाम्प के खरीद की सीमा तय करने का सुझाव मांगा, ताकि आम लोगों को किसी तरह की दिक्कत न हो। बैठक के अंत में सभी नॉटरी पब्लिक को नॉटरी एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्य करने का निर्देश दिया गया।
उपस्थिति :
बैठक में अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष प्रभात कुमार चौधरी, सचिव राजीव रंजन कुमार, सहायक सरकारी वकील लक्ष्मेश्वर प्रसाद सिन्हा सहित कई नॉटरी पब्लिक उपस्थित रहे।