
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। “शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सामूहिक सहभागिता और प्रतिबद्धता बेहद जरूरी है।”
हम सभी की जिम्मेदारी :
शहर के एक विद्यालय परिसर में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए अपने संबोधन में महापौर अनिता राम, ने उक्त बातें कही। इस दौरान उन्होंने कहा कि, “हमें यह महसूस करना होगा कि यह शहर हमारा है, इसे स्वच्छ और सुंदर बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है।”
विशेष बैठक :
बताते चलें कि, शहर के सौंदर्यीकरण और समस्याओं के समाधान को लेकर शहर के व्यवसायियों और प्रबुद्धजनों की एक विशेष बैठक आयोजित की गई। जिसमें शहर की सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने और सौंदर्यीकरण हेतु कई निर्णय लिए गए।
सर्व सम्मति से लिया गया निर्णय :
सर्व सम्मति से लिए गए निर्णय के अनुसार वार्ड संख्या 15, 21, 22, 23, 24 एवं 25 में सफाई कार्य रात्रि 10 बजे से कराया जाएगा। सभी व्यवसायी दुकान खोलने एवं दुकान बंद करने के बाद अपना कचरा व्यवस्थित तरीके से रखेंगे तथा 10:30 बजे कचरा उठाने वाली गाड़ी पर ही डालेंगे। नाला उड़ाही के लिए स्लैब को खोलने में आम नागरिक मदद करेंगे। नीम चौक पर रखे कचरा डंपिंग बॉक्स को हटाकर दूसरे स्थान पर रखा जाएगा।
स्टेशन चौक को बनायेंगे स्वच्छ और सुंदर :
इस दौरान श्रीमति राम ने बताया कि शहर में कुल 10 छोटे-बड़े पुलिया का निर्माण कराया गया है। वाटर एटीएम को प्राकृतिक स्वरूप देकर स्वच्छ पेयजल आम नागरिकों को सशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। गांधी स्मारक एवं स्टेशन चौक को स्वच्छ और सुंदर बनाया जाएगा।
उपस्थिति :
इस अवसर पर राकेश कुमार राज, प्रदीप कुमार, मनोज कुमार, प्रेम नाथ गुप्ता एवं नगर आयुक्त ज्ञान प्रकाश, नगर प्रबंधक रघुनाथ पासवान, आशुतोष मिश्रा, सहित कई वार्ड पार्षद, स्वच्छता साथी कर्मी, आउटसोर्सिंग कर्मी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे।