
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। “आमजनों एवं व्यवसायियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वस्त किया कि बैठक में प्राप्त सभी सुझावों एवं शिकायतों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।”
जनसुविधाओं को बनाया जाएगा और अधिक सुदृढ़ :
अनुमंडल पदाधिकारी, सदर, दिलीप कुमार के नेतृत्व में आगामी मुहर्रम पर्व एवं विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक के दौरान उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि, “विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जनसुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा।”
बैठक का उद्देश्य :
अनुमंडल पदाधिकारी, सदर, दिलीप कुमार के नेतृत्व में आगामी मुहर्रम पर्व एवं विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य पर्व के अवसर पर शांति, सौहार्द एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ शहर की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान हेतु संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करना था।
उठाए गए जनहित से जुड़े मुद्दे :
बैठक के दौरान व्यवसायी संघ के प्रतिनिधियों द्वारा शहर में यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण, विद्युत आपूर्ति, ओवरब्रिज से संबंधित समस्याएं, साफ-सफाई, जलनिकासी एवं अन्य जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।
परेशानी :
व्यवसायी संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि शहर में बढ़ते यातायात दबाव के कारण आमजनों एवं व्यवसायियों को कई प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसके अतिरिक्त, कुछ स्थानों पर विद्युत आपूर्ति एवं अधोसंरचनात्मक समस्याओं के कारण भी लोगों को परेशानी हो रही है।
त्वरित निष्पादन करें सुनिश्चित :
इस पर अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि, “सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।”