
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर। आईआरसीटीसी की भारत गौरव यात्रा ट्रेन से दक्षिण भारत के तीर्थ स्थलों की यात्रा व दर्शन करेंगे। उक्त जानकारी देते हुए आईआरसीटीसी के बिहार डीएम राजेश कुमार ने आईआरसीटीसी के टूर पैकेज की जानकारी दी। इस अवसर पर एग्जीक्यूटिव विश्व रंजन एवं एरिया मैनेजर प्रमोद कुमार भी मौजूद रहे।
पैकेज की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि भारत गौरव यात्रा ट्रेन श्रद्धालूओं को 12 ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराएगी। यह ट्रेन 14 अगस्त को समस्तीपुर मंडल के सहरसा जंक्शन से खुलेगी। इस 13 दिवसीय यात्रा में श्रद्धालु देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि भारत गौरव यात्रा का उद्देश्य भारत की आध्यात्मिक विविधता को सामने लाना है। यह पैकेज 12 रात और 13 दिन का होगा। इसमें यात्रा की बुकिंग तेजी से चल रही है।
700 लोगों के लिए यह पैकेज ट्रेन 14 अगस्त को सहरसा से खुलने के बाद निर्मली, झंझारपुर, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, पटना, बख्तियारपुर, मोकामा, किउल, आसनसोल, पुरुलिया स्टेशनों पर तीर्थ यात्रियों केलिए रुकेगी।
यात्रा के दौरान श्रद्धालु तिरुपति, रामेश्वरम, मदुरई, कन्याकुमारी, तिरुवंतपुरम, मल्लिकार्जुन आदि के दर्शन कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि पूरे पैकेज में यात्रियों के लिए भोजन, आवास की सुविधा, आवश्यकतानुसार बस की व्यवस्था, सुरक्षा, भजन कीर्तन आदि शामिल है। 10 से अधिक व्यक्तियों के समूह को छूट भी दी जायेगी।