
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
पूसा। भाकपा-माले की बदलो सरकार-बदलो बिहार यात्रा बुधवार शाम को पूसा पहुँची। इसके बाद कई चौक-चौराहो पर नुक्कड़ सभा आयोजित की गई। इस क्रम में सबसे पहले पूसा बाजार के हाथी चौक के समीप नुक्कड सभा आयोजित की गई। तदुपरांत भूस्कौल चौक, गढ़िया चौक पर भी सभा करके वक्ताओं ने भाजपा-जदयू सरकार पर तीखा हमला किया।
गुरूवार को स्वतंत्रता की बलिवेदी पर चढने वाला प्रथम बलिदानी अमर शहीद खुदीराम बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के साथ यात्रा की शुरूआत की गई। माल्यार्पण के उपरांत नेताओं ने गरीब- मजदूर, किसान, नौजवानों के आंदोलन को और तेज करने का संकल्प लिया।
अमर शहीद खुदीराम बोस स्मारक स्थल पर नुक्कड सह संकल्प सभा के बाद माले नेताओं का जत्था बिरौली चौक पहुंचा और वहां नुक्कड़ सभा आयोजित किया गया। सभा की अध्यक्षता भाकपा-माले प्रखंड सचिव अमित कुमार एवं संचालन जिला कमिटी सदस्य रौशन कुमार ने किया।
यात्रा का नेतृत्व कर रहे भाकपा-माले के पूर्व विधायक सह केंद्रीय कमिटी सदस्य मनोज मंजिल ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार में जैसे- जैसे चुनाव नजदीक आ रहा है। मोदी जी का बिहार में खूब दौरा हो रहा है। नीतीश जी 20 साल से सत्ता में हैं, लेकिन अब जाकर वे समाजिक सुरक्षा पेंशन बढ़ाने की बात कर रहे हैं। चुनाव आया तो कह रहे हैं 11 सौ देंगे। ये जले पर नमक छिड़कने जैसा है।
उन्होंने कहा कि माले विधायक लगातार 3000 रुपये पेंशन देने की मांग सड़क से सदन तक करते रहे हैं। नीतीश सरकार को चार सौ से 11 सौ रुपये पेंशन देने में 20 साल लग गए, लेकिन इंडिया गठबंधन की सरकार बनते ही शुरुआत 1500 रुपये से करेगी। कहा कि बुलडोजर की सरकार ने बिहार में गरीबी और बेरोजगारी का गड्ढा खोद दिया है।
एमएलसी सह केंद्रीय कमिटी सदस्य काॅ. शशि यादव ने नीतीश कुमार के महिला सशक्तीकरण को छल बताते हुए कहा कि राज्य में दलित- गरीब महिलाओं व बच्चियों पर हिंसा-बलात्कार की घटनाओं में अत्यधिक वृद्धि हुई है। इस सरकार में महिलाएं एवं बच्चियां सबसे अधिक असुरक्षित हैं। इनकी सुरक्षा पर सरकार ध्यान नहीं देती। नीतीश सरकार स्कीम वर्कर्स महिलाओं के श्रम का भी शोषण कर रही है।
भाकपा-माले की केंद्रीय कमिटी सदस्य काॅ मंजू प्रकाश ने कहा कि एनडीए महाराष्ट्र और हरियाणा में भले जीत गए हों लेकिन बिहार झारखंड की तरह आपको रोक देगा। उन्होंने कहा कि सरकार बदलेगी और गरीबों, महिलाओं व नौजवानों के हक में नई नीतियों की शुरुआत होगी।
उन्होंने कहा कि बिहार में 94 लाख परिवार गरीबी रेखा के नीचे हैं। नीतीश सरकार ने पहले 2- 2 लाख रुपये देने का वादा किया, लेकिन इसमें भी 72 हजार रूपये से कम का आय प्रमाण पत्र का झमेला बना दिया। उन्होंने कहा कि मनुस्मृति दलितों, महिलाओं, किसानों, मजदूरों सबको गुलाम बना देगा।
मौके पर मिथिलांचल प्रभारी सह पोलित ब्यूरो सदस्य धीरेन्द्र झा, आइसा महासचिव प्रसेनजीत कुमार, खेग्रामस राज्य सचिव शत्रुघ्न सहनी, इंसाफ मंच के राज्य उपाध्यक्ष नेयाज अहमद, राज्य कमेटी सदस्य शनिचरी देवी, वंदना सिंह,जितेन्द्र यादव, दरभंगा जिला सचिव बैद्यनाथ यादव, समस्तीपुर जिला सचिव प्रो. उमेश कुमार, वारिसनगर विधानसभा के महागठबंधन के पूर्व प्रत्याशी फूलबाबू सिंह, कल्याणपुर विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी रंजीत राम, जिला कमिटी सदस्य सुरेन्द्र प्रसाद सिंह, ललन कुमार, जीवछ पासवान, उपेन्द्र राय, महेश कुमार, प्रखंड कमिटी सदस्य रविन्द्र सिंह, दिनेश राय, राजाराम सिंह,अखिलेश सिंह, जितेन्द्र राय, आरवाईए के प्रखंड सचिव मुकेश कुमार,राजीव कुमार, नीरज कुमार, चंदन कुमार, सत्येंद्र कुमार, सुरेश कुमार, प्रेम कुमार आदि मौजूद थे।