
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 दरभंगा। जिले के बहेरी प्रखंड एवं इसके आसपास के इलाकों के छात्र–छात्राओं को अब स्नातकोत्तर की पढ़ाई के लिए कहीं दूर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। क्योंकि, स्थानीय बी.एम.ए. कॉलेज, बहेड़ी में हिंदी के बाद अब विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय में भी स्नातकोत्तर की पढ़ाई होगी। गौरतलब है कि इस महाविद्यालय में गत सत्र 2025–27 से हिंदी में स्नातकोत्तर की पढ़ाई शुरू हुई थी।

पीजी तक पढ़ाई की मिली स्वीकृति :
उक्त जानकारी देते हुए प्राचार्य प्रो. (डॉ.) कुशेश्वर यादव ने बताया कि, “स्थानीय विधायक प्रोफेसर (डॉ.) विनय कुमार चौधरी के मैराथन प्रयास एवं कुलपति, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, प्रोफेसर (डॉ.) संजय कुमार चौधरी की विशेष कृपा से शैक्षणिक सत्र (2026-28) से बी.एम.ए. कॉलेज को विज्ञान और वाणिज्य संकाय में पीजी स्तर तक के पढ़ाई की स्वीकृति मिल गई है।”
विधायक व कुलपति का आभार :
इस खबर से महाविद्यालय परिवार एवं स्थानीय लोगों में व्यापक उत्साह और हर्ष व्याप्त है। प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) यादव ने कहा कि, छात्र हित में लिया गया यह फैसला महाविद्यालय के लिए बड़ी उपलब्धि है। इसके लिए महाविद्यालय विधायक व कुलपति का सदैव आभारी रहेगा।”
समारोह पूर्वक किया जाएगा नागरिक अभिनंदन :
उन्होंने बताया कि, “माननीय विधायक के निरंतर प्रयास का ही सुपरिणाम है 2025–27 शैक्षणिक सत्र से इस महाविद्यालय में पहली बार हिंदी में पीजी की पढ़ाई शुरू हो सकी है। शीघ्र ही विधायक एवं कुलपति प्रो. (डॉ.) चौधरी द्वय का समारोह पूर्वक अभिनंदन किया जाएगा।”
अपेक्षाओं की कसौटी पर उतरेंगे खरा :
डॉ. यादव ने विधायक व कुलपति का आभार जताने के क्रम में उन्हें आश्वस्त करते हुए कहा है कि, “छात्र हित में महाविद्यालय आपके अपेक्षाओं की कसौटी पर खरा उतरने और मिथिला विश्वविद्यालय में गरिमामयी स्थान प्राप्ति के लिए सतत प्रयत्नशील रहेगा।”