
गांव से पंचायत स्तर तक बच्चों की सुरक्षा के लिए चलाया गया जागरूकता अभियान
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। बच्चों को बाल विवाह, बाल श्रम, बाल यौन शोषण और मानव तस्करी जैसी घटनाओं से बचाने के लिए समस्तीपुर जिले के 10 प्रखंडों में बाल कल्याण एवं संरक्षण समितियों के गठन और सक्रियकरण की पहल की गई है। इसके तहत गांव और पंचायत स्तर पर समितियों को सशक्त बनाने के साथ बच्चों के अधिकारों और सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया।
जवाहर ज्योति बाल विकास केन्द्र, और जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन के संयुक्त प्रयास से जिला पंचायती राज विभाग, जिला प्रशासन और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सहयोग से यह अभियान चलाया गया। दो अक्टूबर गांधी जयंती से 28 अक्टूबर तक चले इस अभियान में आकांक्षी प्रखंड हसनपुर और खानपुर के अलावा विद्यापतिनगर, मोहीउद्दीन नगर, मोहनपुर, पटोरी, मोरवा, सरायरंजन, पूसा और समस्तीपुर प्रखंड के विभिन्न पंचायतों को शामिल किया गया।
उद्देश्य :
भारत सरकार के ‘सुरक्षित बाल ग्राम के लिए सुरक्षित बचपन’ अभियान के तहत इस पहल का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा बाल संरक्षण के लिए सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देना है।
सभी संबंधित पक्षों को मिलकर करना होगा काम :
जवाहर ज्योति बाल विकास केंद्र के संस्थापक सचिव सह बाल अधिकार कार्यकर्ता सुरेन्द्र कुमार ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा, उनके अधिकारों, पॉक्सो अधिनियम-2012 और ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर व्यापक जनजागरूकता जरूरी है। बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने और उनके विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम के लिए सभी संबंधित पक्षों को मिलकर काम करना होगा।
बच्चों से जुड़ी घटना पर संवेदनशीलता के साथ करें कार्रवाई :
संस्था के प्रशासनिक पदाधिकारी पप्पू यादव एवं काजल कुमारी ने कहा कि बच्चों के साथ होने वाली घटनाओं की रोकथाम के लिए वार्ड सदस्य और मुखिया की सक्रिय भूमिका जरूरी है। उन्होंने जमीनी स्तर पर बाल संरक्षण तंत्र को मजबूत करने, बाल संरक्षण की जिम्मेदारी लेने और बच्चों से जुड़ी किसी भी घटना पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने पर जोर दिया।
किन्हें मिली कहां की जिम्मेदारी :
जवाहर ज्योति बाल विकास केन्द्र के परियोजना समन्वयक अविनाश कुमार के मार्गदर्शन में विभिन्न प्रखंडों में बाल संरक्षण समितियों को सक्रिय करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके तहत हसनपुर में कुमारी स्नेहा, खानपुर में बलराम चौरसिया, विद्यापतिनगर में ललिता कुमारी, मोहीउद्दीन नगर में निवेदिता आनंद, मोहनपुर में संगीता कुमारी, पटोरी में पल्लवी लता, मोरवा और पूसा में विभा कुमारी तथा सरायरंजन में खुशबू कुमारी को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, समस्तीपुर प्रखंड में चंचला कुमारी, शोभानंद सिंह और मयंक कुमार सिन्हा इस अभियान से जुड़े हैं। सभी संबंधित कर्मी प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर स्थानीय मुखिया और वार्ड सदस्यों से संपर्क करेंगे।