
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल में एक से 30 नवंबर तक डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान 5.0 चलाया जाएगा। इसके तहत पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों के लिए जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की प्रक्रिया आसान बनाई गई है। चार और पांच नवंबर को मंडल के छह स्टेशनों पर मेगा शिविर भी लगाया जाएगा।
नरकटियागंज, बापूधाम मोतिहारी, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, सहरसा और दरभंगा स्टेशनों के एडीईएन कार्यालयों के अलावा समस्तीपुर स्थित पेंशन एसोसिएशन कार्यालय में शिविर आयोजित होंगे।
घर बैठे जमा होगा जीवन प्रमाण-पत्र :
30 दिवसीय अभियान में डिजिटल सुविधा के जरिए पेंशनभोगी घर बैठे जीवन प्रमाण-पत्र जमा कर सकेंगे। इससे उन्हें हर साल नवंबर में सत्यापन के लिए बैंक जाने की जरूरत नहीं होगी। 80 वर्ष से अधिक उम्र के पेंशनरों के लिए अक्टूबर के अंतिम सप्ताह से ही डिजिटल प्रमाण-पत्र जमा करने की विशेष सुविधा उपलब्ध है।
इसके लिए गूगल प्ले स्टोर से यूआईडीएआई का आधारफेस आरडी और जीवन प्रमाण एप डाउनलोड करना होगा। दोनों एप इंस्टॉल करने के बाद निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र तैयार किया जा सकता है। किसी तरह की परेशानी होने पर पेंशनर मंडल के कार्मिक या लेखा विभाग अथवा संबंधित बैंक से संपर्क कर सकते हैं।