
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 पूसा। मंगलवार को समस्तीपुर डाक परिमंडल अंतर्गत स्थित पूसा उप डाकघर को नेक्स्ट जेनरेशन कार्यालय के रूप में उन्नत किया गया है। इस उपलक्ष्य में उप डाकघर परिसर में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता एवं संचालन समस्तीपुर डाक परिमंडल के डाक अधीक्षक रॉबिन चंद्र ने किया।
अतिथि का स्वागत व उद्घाटन :
इस दौरान सर्वप्रथम डाक अधीक्षक ने पुष्प गुच्छ एवं शॉल अतिथियों का स्वागत अभिनन्दन किया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि पोस्ट मास्टर जनरल, उत्तरी परिक्षेत्र, मुजफ्फरपुर पवन कुमार तथा विशिष्ट अतिथि कुलपति डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा डॉ. पी.एस. पांडेय, ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं फीता काट कर प्रोन्नत कार्यालय का उद्घाटन किया।
एक छत के नीचे मिलेगी सारी सुविधाएं :
इस दौरान अपने संबोधन में मुख्य अतिथि पीएमजी पवन कुमार ने कहा कि, पूसा उप डाकघर को नेक्स्ट जेनरेशन कार्यालय में बदलने से अब लोगों को एक ही छत के नीचे स्पीड पोस्ट, पार्सल बुकिंग, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक, बैंकिंग लेनदेन, आधार नामांकन, डाकघर बचत योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, बीमा योजनाएं, बिल भुगतान एवं मनी ट्रांसफर सहित सारी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
धन्यवाद ज्ञापन :
उन्होंने बताया कि कार्यालय में फ्री वाई-फाई, कॉफी वेंडिंग मशीन, वातानुकूलित व्यवस्था समेत कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे विशेष रूप से ग्रामीण युवाओं एवं दूरदराज के लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी। कार्यक्रम के अंत में डाक अधीक्षक रॉबिन चंद्र ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
कई पदाधिकारी व कर्मी थे मौजूद :
इस मौके पर सहायक डाक अधीक्षक मनोज कुमार, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के शाखा प्रबंधक कृष कुमार, डाक निरीक्षक मृत्युंजय कुमार, विक्की कुमार, डाक कर्मचारी प्रणव प्रकाश, मुकेश कुमार, आशुतोष, मिथिलेश कुमार, धनंजय कुमार, नवीन प्रकाश, अभिषेक कुमार, नेशनल यूनियन ग्रामीण डाक सेवक संघ, समस्तीपुर के सचिव राकेश कुमार, शाखा डाकपाल रमेश प्रसाद सिंह, निशांत कुमार, ऋषिकेश पटेल, पंकज कुमार, राजेश कुमार, राजीव कुमार सहित कई लोग मौजूद थे।