दिए सफाई, रोशनी, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश, एनडीआरएफ की टीम रहेगी मुस्तैद

ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रविवार को प्रमुख छठ घाटों के निरीक्षण के दौरान एसडीओ राकेश कुमार ने अधिकारियों से उक्त बातें कही।
इस दौरान उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और घाटों पर लगातार निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया।
छठ घाटों का किया निरीक्षण :
पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं प्रकृति पूजन की परंपरा के तहत लोक आस्था एवं सूर्योपासना के अनोखे महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन सतर्क है। इसी क्रम में रविवार को अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार के नेतृत्व में शहर के प्रमुख छठ घाटों का व्यापक निरीक्षण किया गया।
आवश्यक कार्यों को ससमय करें पूर्ण :
इस क्रम में, पदाधिकारियों ने मगरदही घाट, पुरानी दुर्गा स्थान घाट, मोक्ष धाम घाट, धोबी घाट, कोठी घाट सहित अन्य प्रमुख छठ घाटों का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने घाटों पर उपलब्ध सुविधाओं, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए आवश्यक कार्यों को ससमय पूरा करने का निर्देश दिया।
ताकि सुरक्षित माहौल में कर सकें अर्घ्य दान :
एसडीओ राकेश कुमार ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, पेयजल, शौचालय और बैरिकेडिंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। घाटों पर उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को भी कहा गया। ताकि व्रती एवं श्रद्धालु पूरी श्रद्धा, और आस्था के साथ सुरक्षित माहौल में भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सकें।
राहत व बचाव दल की उपलब्धता करें सुनिश्चित :
इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से एनडीआरएफ की टीम को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद रहने का निर्देश दिया। साथ ही घाटों पर रेस्क्यू उपकरण, प्रशिक्षित गोताखोरों और बचाव दल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके। मौके पर नगर आयुक्त, उपनगर आयुक्त, स्वच्छता समिति के सदस्य तथा एनडीआरएफ की टीम मौजूद रही।