
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। आरओबी निर्माण की अवधि में आम आदमी को कम से कम असुविधा हो इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा। इस कडी में निर्माण क्षेत्र में दोनो तरफ दो-दो मीटर अस्थाई पथ केलिए छोडा जाएगा ताकि स्कूली बच्चों व बाईक सवार लोगों को असुविधा नहीं हो।
शुक्रवार को अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार ने भोला टाॅकिज गुमटी पर पुल निर्माण संबंधी अद्यतन जानकारी देते हुए संवाददाताओं से उक्त बातें कही। उन्हेांने कहा कि निर्माण अवधि केलिए जिला प्रशासन द्वारा तय वैकल्पिक मार्गो के मरम्मती का कार्य भी शीघ्र ही आरंभ कर दिया जाएगा।
बताते चलें कि शहर में इन दिनों अतिक्रमण हटाओं का जोर है। आये दिन जिला प्रशासन व नगर निगम प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में अस्थाई एवं अवैध निर्माण पर बुलडोजर बाबा कहर बरपा रहे हैं। इसी कडी में शुक्रवार को शहर के बाईपास और समस्तीपुर पूसा पथ पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
इसी दौरान अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार ने कहा कि फिलहाल बाईक सवारों को ही भोला टाॅकिज के रास्ते शहर में प्रवेश की अनुमति दी जा सकती है। शेष सभी वाहन जिला प्रशासन द्वारा निर्दिष्ट वैकल्पिक मार्ग का ही प्रयोग करेंगे। प्रशासन आम आदमी को कम असुविधा हो यह सुनिश्चित करने केलिए प्रतिबद्ध है। इसलिए शहर के विभिन्न इलाकों से सभी अस्थाई व अवैध निर्माण को खाली कराया जा रहा है।