फल-सब्जियों को हानिकारक रसायनों और कृत्रिम रंगों से दूर रखने की अपील, ग्राहकों को भी किया जागरूक

ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 पटना। आम लोगों को स्वच्छ एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई की ओर से बुधवार को पटना के पाटलिपुत्र क्षेत्र की फल दुकानों और दीघा सब्जी मंडी में जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान फल एवं सब्जी विक्रेताओं के साथ ग्राहकों को भी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षित भंडारण के प्रति जागरूक किया गया।
कृत्रिम रंगों के प्रयोग से बचने की हिदायत :
अभियान के दौरान विक्रेताओं को दुकानों एवं बिक्री स्थलों पर साफ-सफाई बनाए रखने तथा ताजे और स्वच्छ फल-सब्जियों की बिक्री करने की सलाह दी गई। फल पकाने में हानिकारक एवं प्रतिबंधित रसायनों का इस्तेमाल नहीं करने और सब्जियों को आकर्षक दिखाने के लिए कृत्रिम रंगों के प्रयोग से बचने की हिदायत दी गई।
संदिग्ध खाद्य पदार्थों के संबंध में सूचना देने की अपील :
वहीं, ग्राहकों को फल एवं सब्जियां खरीदते समय उनकी ताजगी, स्वच्छता और असामान्य रंगों पर ध्यान देने की सलाह दी गई। सब्जियों में कृत्रिम रंग मिलाए जाने की आशंका की स्थिति में पानी के माध्यम से प्रारंभिक घरेलू जांच की जानकारी भी दी गई। विभाग ने संदिग्ध खाद्य पदार्थों के संबंध में खाद्य संरक्षा कार्यालय को सूचना देने की अपील की।
खरीदारी में सतर्कता बरतने की अपील : :
इस दौरान खाद्य कारोबारियों को भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) की ऑनलाइन पंजीकरण व्यवस्था की जानकारी देते हुए कारोबार की श्रेणी के अनुसार आवश्यक पंजीकरण या अनुज्ञप्ति प्राप्त करने को कहा गया। इस क्रम में खाद्य संरक्षा इकाई की ओर से बताया गया कि खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विक्रेताओं के साथ-साथ उपभोक्ताओं की जागरूकता भी जरूरी है। विभाग ने कारोबारियों से खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और आम लोगों से खरीदारी के दौरान सतर्कता बरतने की अपील की।