अब 12 नवंबर को उद्घाटन की तैयारी, 26 नवंबर को होगा समापन

ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। शहर के जितवारपुर स्थित हाउसिंग बोर्ड मैदान में विकास आयुक्त (हथकरघा), वस्त्र मंत्रालय, द्वारा प्रायोजित एवं उद्योग विभाग, बिहार, द्वारा आयोजित 15 दिवसीय हथकरघा मेले की व्यवस्था और प्रचार-प्रसार को लेकर इन दिनों खास चर्चा में है। बताया जाता है कि, मेले में पूर्व घोषणा के अनुसार 6 नवंबर से ही विभिन्न स्टॉल सज गये, लेकिन आज तक इसका उद्घाटन नहीं हो सका है।
12 नवंबर को मेले का उद्घाटन किए जाने की तैयारी :
हालांकि इस बाबत पूछे जाने पर जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक विवेक कुमार ने जानकारी देते हुए बताया, कि, 6 नवंबर इस मेले का शुभारंभ होना सुनिश्चित था। इसी आधार पर सारी तैयारियां हुई। कतिपय अपरिहार्य कारणों से कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ा। इसलिए अब 12 नवंबर को मेले का उद्घाटन किए जाने की तैयारी है और अब यह मेला 26 नवम्बर तक चलेगा।
मेले को लेकर कोई उत्साह नहीं :
इस बीच मेले में खरीदारों की उदासीनता से स्टॉल लगाने वाले बुनकरों और व्यवसायियों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। मेले के प्रचार-प्रसार के लिए लगाए गए फ्लेक्स पर आयोजन की अवधि 6 नवंबर से 19 नवंबर तक अंकित है। उसी अनुरूप पंडाल सजे स्टॉल लगे मगर न उदघाटन हुआ न लोगों में मेले को लेकर कोई उत्साह दिख रहा। अभी कई स्टॉल कारोबारियों की बाट जोह रहे हैं।

समुचित प्रचार–प्रसार के अभाव के कारण उदासीनता व्याप्त :
मेले में पहुंच चुके व्यवसायियों का कहना है कि यहां ग्राहकों की आवाजाही अपेक्षा से काफी कम है। कई स्टॉल भी खाली पड़े हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि आम लोगों को मेले की जानकारी पर्याप्त रूप से नहीं मिल सकी है। समुचित प्रचार–प्रसार के अभाव के कारण बिक्री प्रभावित हो रही है। उनका मानना है कि यदि मेले का प्रचार-प्रसार व्यापक स्तर पर किया जाता और उद्घाटन निर्धारित समय पर होता, तो अधिक से अधिक लोग यहां पहुंच सकते थे।
प्रचार-प्रसार, बेहतर प्रबंधन और खरीदारों की भागीदारी महत्वपूर्ण :
गौरतलब है कि हथकरघा मेले का मुख्य उद्देश्य बुनकरों और हस्तकरघा उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना तथा आम लोगों को पारंपरिक वस्त्रों एवं उत्पादों से परिचित कराना है। ऐसे में आयोजन की सफलता के लिए समय पर प्रचार-प्रसार, बेहतर प्रबंधन और खरीदारों की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है।
वास्तविक लाभ बुनकरों और व्यवसायियों तक पहुंचे :
बताते चलें कि, सरकारी स्तर पर आयोजित इस मेले से बुनकरों और छोटे व्यवसायियों को बेहतर बाजार मिलने की उम्मीद रहती है। ऐसे में जरूरी है कि आयोजन की अवधि, उद्घाटन की तिथि, प्रचार-प्रसार और स्टॉल संचालकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के स्पष्टता होनी चाहिए। साथ ही, मेले में अधिक से अधिक खरीदारों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए भी पहल की जानी चाहिए। ताकि सरकारी आयोजन का वास्तविक लाभ बुनकरों और व्यवसायियों तक पहुंच सके।