बिहार में पांच लाख लोगों को जागरूक करने का लक्ष्य : अमरजीत

ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह 2026 के दौरान युवा नेतृत्व वाले सामाजिक संगठन द उम्मीद ने साइबर सुरक्षा जागरूकता केलिए जिले में 22 कार्यशालाओं का आयोजन किया। मिशन साइबर चेतना के तहत आयोजित इन कार्यशालाओं में समस्तीपुर के 20 विद्यालयों और दो महाविद्यालयों में पांच हजार से अधिक विद्यार्थियों एवं लोगों साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई।
संगठन के संस्थापक अमरजीत कुमार ने सोमवार को उक्त जानकारी देते हुए बताया कि, इस क्रम में विद्यार्थियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी फ्रॉड, फिशिंग, सोशल मीडिया सुरक्षा, ऑनलाइन वित्तीय ठगी और सुरक्षित इंटरनेट उपयोग जैसे विषयों की जानकारी दी गई। साथ ही साइबर अपराधों से बचने के उपायों और डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित इस्तेमाल के प्रति जागरूक किया गया।
पंचायत स्तर पर अभियान चला कर 5लाख लोगों को करेंगे जागरूक :
द उम्मीद के संस्थापक श्री कुमार ने बताया कि, राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह समाप्त होने के बाद भी मिशन साइबर चेतना के तहत अभियान जारी रहेगा। संगठन की योजना बिहार के विभिन्न जिलों में विद्यालयों, महाविद्यालयों और ग्रामीण समुदायों के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की है। इसके तहत पंचायत स्तर पर अभियान चलाकर बिहार में पांच लाख से अधिक लोगों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
युवाओं, प्रतिनिधियों, संस्थानों और समुदायों की भागीदारी करेंगे सुनिश्चित :
उन्होंने कहा कि डिजिटल दौर में साइबर सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की जरूरत बन गई है। ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी ऑनलाइन ठगी, डिजिटल धोखाधड़ी और साइबर अपराधों से बचाव के तरीकों की जानकारी देना जरूरी है। अभियान में युवाओं, पंचायत प्रतिनिधियों, शैक्षणिक संस्थानों और स्थानीय समुदायों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।