
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर (एनएसबी)। मतदान सर्वोच्च संवैधानिक अधिकार ही नहीं प्रत्येक नागरिक का प्रथम राष्ट्रीय कर्तव्य भी है। एक जागरूक मतदाता ही लोकतंत्र की मजबूती का आधार है। जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा ने शनिवार को महिला कॉलेज में आयोजित मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में उक्त बातें कही।
17 वर्ष की आयु में भी दे सकते हैं आवेदन :
इस दौरान छात्राओं को निर्वाचन के प्रति जागरूक रहने का संदेश देते हुए उन्होने कहा कि, निर्वाचक सूची में 17 वर्ष की आयु में भी नाम जोड़ने का आवेदन दिया जा सकता है। 18 वर्ष पूरे होने पर आपका नाम निर्वाचक सूची में दर्ज हो जाएगा।
मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित :
बताते चलें कि, भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के आलोक में जिले में सभी निर्वाचन साक्षरता क्लब में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को महिला कॉलेज, समस्तीपुर में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका जिला पदाधिकारी रौशन कुशवाहा, उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, आदि ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर विधिवत उद्घाटन किया ।
टोल फ्री 1950 पर कर सकते हैं संपर्क :
इस अवसर पर निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी 133 समस्तीपुर-सह-उप विकास आयुक्त ने कहा कि इस विधान सभा में सभी बी०एल०ओ० कार्यरत है किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।
संचालन और स्वागत :
उप निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्वाचन साक्षरता क्लब के कार्यों एवं उसके उद्देश्यों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। मंच का संचालन अवर निर्वाचन पदाधिकारी, दलसिंहसराय, रवि रंजन कुमार ने की। इससे पूर्व प्राचार्य महिला कॉलेज द्वारा जिला पदाधिकारी/उप विकास आयुक्त एवं उप निर्वाचन पदाधिकारी का पुष्पगुच्छ, पौधा एवं शॉल से स्वागत किया गया।
क्विज में 35 छात्रायें हुई शामिल :
निर्वाचन साक्षरता जागरूकता कार्यक्रम के तहत छात्राओं के बीच “क्विज प्रतियोगिता’ का आयोजन किया गया। जिसमें कुल 35 छात्राओं ने भाग लिया। जिसमें सभी विजेताओं को उप विकास आयुक्त सुर्य प्रताप सिंह ने प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित एवं उत्साहवर्द्धन किया ।