
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। समस्तीपुर की लाइफलाइन, आर्थिक गतिविधियों का आधार, कहे जाने वाले समस्तीपुर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) सोमवार से मरम्मत कार्य के लिए पूरी तरह बंद हो गया। जिला प्रशासन ने 6 जुलाई से 15 अगस्त तक पुल पर सभी प्रकार के वाहनों और आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। 56 वर्ष पुराने इस पुल की पहली बार व्यापक मरम्मत कराई जा रही है।
15 अगस्त तक पुल चालू करने का लक्ष्य :
प्रशासन के अनुसार, प्रतिदिन हजारों छोटे –बड़े वाहनों को गंतव्य तक पहुंचाने की जिम्मेदारी ढोता यह पुल जर्जर हो चुका है। इसके जर्जर हो चुके एक्सपेंशन ज्वाइंट और अन्य संरचनात्मक हिस्सों की मरम्मत की जाएगी। निर्माण एजेंसी ने सोमवार सुबह से ही युद्धस्तर पर कार्य शुरू कर दिया है। निर्धारित समय सीमा के भीतर मरम्मत कार्य पूरा कर 15 अगस्त तक पुल को दोबारा चालू करने का लक्ष्य रखा गया है।

वैकल्पिक मार्ग :
पुल बंद होने की अवधि के लिए जिला प्रशासन ने शहर में वैकल्पिक यातायात व्यवस्था लागू की है। जिसमें मोहनपुर की ओर से आने वाले वाहनों को बस स्टैंड, भोला टॉकीज रेलवे गुमटी, धर्मपुर और बाईपास बांध होते हुए मगरदही चौक की ओर भेजा जाएगा। वहीं मुसरीघरारी और मोहनपुर की दिशा से आने-जाने वाले वाहन अटेरन चौक और बाईपास मार्ग का उपयोग कर मगरदही चौक तक पहुंच सकेंगे।
जाम से निपटने के लिए अतिरिक्त बल :
मरम्मत कार्य के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने पुल के समीप एंबुलेंस के साथ मेडिकल टीम की भी तैनाती की है। इसके अलावा प्रमुख चौक-चौराहों और डायवर्जन वाले मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि यातायात सुचारु बना रहे और जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
प्रशासन का करें सहयोग :
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें तथा यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन कर प्रशासन का सहयोग करें।