
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 पटना। शिक्षा विभाग पटना ने शिक्षकों की मांग का सम्मान करते हुए एक बड़ा फैसला किया है। जिसके तहत बिहार के सरकारी स्कूलों के वर्ग संचालन का समय और कार्यदिवस को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद पर विराम लगने वाला है।
शनिवार को फिर होगा ‘हाफ डे’ :
इस बाबत मिली जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार ने शनिवार को शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई विस्तृत समीक्षा बैठक के बाद शनिवार को फिर से आधे दिन की पढ़ाई यानी ‘हाफ डे’ व्यवस्था बहाल करने का निर्णय लिया है।
शीघ्र ही शिक्षा मंत्री कर सकते हैं घोषणा :
बताते चलें कि, पिछले कई महीनों से राज्य के करीब पौने छह लाख सरकारी शिक्षक और विभिन्न शिक्षक संगठन शनिवार को फुल डे के बजाय हाफ डे लागू करने की मांग कर रहे थे। जानकार सूत्रों के मुताबिक, जल्द ही बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी इस नई व्यवस्था की आधिकारिक घोषणा कर सकते हैं।
छात्र और शिक्षकों के हित में महत्वपूर्ण कदम :
नई व्यवस्था लागू होने के बाद प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के लाखों छात्र-छात्राओं को राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं शिक्षकों को भी सप्ताहांत में जरूरी कार्यों के लिए अतिरिक्त समय मिल सकेगा। शिक्षा विभाग के इस फैसले को छात्रों और शिक्षकों के हित में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। बेशक सरकार के इस फैसले से अभिभावकों को भी राहत मिलेगी।