
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 मुंगेर। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा प्रायोजित एवं राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई और फाल्गुनी प्रसाद यादव महाविद्यालय, चकाई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का समारोह पूर्वक शुभारंभ हुआ।
कुलसचिव ने कहा :
इस अवसर पर अपने संबोधन में कुलसचिव डाॅ. राय ने कहा कि “एनएसएस का मूल मंत्र ‘नाट मी बट यू’ है। अद्भुत होगा वह पल जब, अगले सात दिनो में स्वयंसेवक विभिन्न गांवों में जाकर स्वच्छता, साक्षरता स्वास्थ्य व पर्यावरण जैसे विषयों पर जागरूकता फैलाते हुए अपने मूल मंत्र को साकार करेंगे। निश्चित तौर पर इस शिविर से युवाओं में सामाजिक चेतना व देश प्रेम और सेवा की भावना विकसित होगी।”

उद्घाटन व स्वागत :
इसके पूर्व, विधायक सावित्री देवी, मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. (डाॅ.) घनश्याम राय एवं प्रो. (डॉ.) सुनील कुमार यादव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर, महाविद्यालय परिसर में आयोजित इस शिविर का विधिवत उद्घाटन किया। तत्पश्चात महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा पारंपरिक रीति रिवाज से तमाम आगत अतिथियों का स्वागत अभिनंदन किया गया।

अध्यक्षता व संचालन :
एनएसएस का गीत व लक्ष्यगीत के साथ आरम्भ इस शिविर की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डाॅ. रविशंकर यादव ने की। जबकि मंच संचालन प्रोफेसर विजय कुमार एवं प्रो चंद्रशेखर पंडित ने किया। इस दौरान छात्र छात्राओं के पारंपरिक गीत व नृत्य ने अतिथियों को प्रभावित किया।
मुख्य अतिथि का संबोधन :
मुख्य अतिथि के रूप में स्थानीय विधायक सावित्री देवी ने संबोधन में कहा कि, एनएसएस के ये शिविर विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने में मील का पत्थर साबित होंगे। उन्होंने ऊर्जावान युवाओं का उत्साह देखकर प्रसन्नता जताई और कहा कि, “मुझे पूर्ण विश्वास है कि देश का भविष्य इन युवाओं के हाथ में सुरक्षित है।”
50 स्वयंसेवक हो रहे शामिल :
प्रो. (डॉ.) सुनील कुमार यादव ने उपस्थित स्वयंसेवकों को समाज सेवा के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि, जरूरतमंदों की सेवा हमारा राष्ट्रीय धर्म ही नहीं सदियों पुरानी सांस्कृतिक परंपरा है। प्रभारी प्राचार्य प्रो. (डॉ.) रविशंकर यादव ने बताया कि, शिविर में 50 स्वयंसेवक भाग ले रहे हैं। इस दौरान ग्राम संपर्क, श्रमदान, बौद्धिक सत्र व सांस्कृतिक आयोजित किए जाएंगे।
उपस्थिति व समापन :
मौके पर प्रो. कामेश्वर यादव, रंजन सुमन, मो. असलम, कार्यक्रम पदाधिकारी बिन्देश्वरी यादव, शिक्षक कर्मचारी व बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों को उपहार स्वरूप पौधा उपलब्ध कराया गया। राष्ट्रगान के साथ उद्घाटन सत्र का समापन हुआ।