
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। स्वस्थ बचपन को लेकर प्रशासन सजग और गंभीर नजर आ रहा है। क्योंकि, मंगलवार को विद्यालयों के निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा के निर्देश के आलोक में बुधवार को जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों का व्यापक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण व सूक्ष्म आकलन :
इस क्रम में जिला स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्राधिकार अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान केंद्रों पर सेविका एवं सहायिका की उपस्थिति, बच्चों की उपस्थिति, पोषाहार की उपलब्धता एवं गुणवत्ता, राशन वितरण की स्थिति, बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे पोशाक, केंद्र की साफ-सफाई, शौचालय एवं पेयजल की व्यवस्था सहित प्री-स्कूल शिक्षा की गुणवत्ता का सूक्ष्मता से आकलन किया गया।
प्रदान किए जाएं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं :
अधिकारियों ने निरीक्षण के क्रम में पाई गई कमियों को चिन्हित करते हुए संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं तथा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान की जाएं।
निरीक्षण अभियान रहेगा जारी :
जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि, आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समय-समय पर इस प्रकार के निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे।