
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini24 डेस्क समस्तीपुर। पूरी दुनिया में इस खेल के महान जादूगर मेजर ध्यानचंद को समर्पित राष्ट्रीय खेल दिवस 2025 के उपलक्ष्य में खेल विभाग बिहार सरकार, शिक्षा विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण व जिला प्रशासन समस्तीपुर के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को शहर के पटेल मैदान में तीन दिवसीय खेल और शारीरिक फिटनेस गतिविधियों का आयोजन किया गया।
इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं और खिलाड़ियों को खेल के प्रति प्रोत्साहित करना है। इस बाबत जानकारी देते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी कामेश्वर प्रसाद गुप्ता व जिला खेल पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा बताया कि यह कार्यक्रम 29 अगस्त से 31 अगस्त तक आयोजित है। जिसमें विभिन्न आयु वर्ग के सभी इच्छुक लोग हिस्सा ले सकेंगे।
उन्होंने बताया कि सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार ऐसे आयोजन करवा रही है, ताकि समाज में खेलों के प्रति एक सकारात्मक माहौल बन सके। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों से इन आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आग्रह किया है। प्रतियोगिता के पहले दिन की शुरुआत सर्वप्रथम इंडोर हॉल में डीएसओ के नेतृत्व में हॉकी के जादूगर कहे जाने वाले मेजर ध्यानचंद की तस्वीर पर माल्यार्पण करते हुए श्रद्धा सुमन अर्पित कर किया गया।
इसके उपरांत शिक्षक सुभीत कुमार सिंह के द्वारा उपस्थित जनों, शिक्षकों, खिलाड़ियों व खेल प्रेमियों को फिट इंडिया की शपथ दिलाई गई। वही दोपहर 2ः00 बजें हीरो एशियन पुरुष हॉकी चैंपियनशिप 2025 का लाइव प्रसारण दिखाया गया। शपथ कार्यक्रम के बाद खेल प्रतियोगिताओं का सिलसिला शुरू हुआ। इस क्रम में पटेल मैदान में बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में 3000 मीटर दौड़ एंव वाद विवाद प्रतियोगिता कराई गई ।
3000 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में हसनपुर के सूरज कुमार, समस्तीपुर के अरविंद कुमार एंव हसनपुर के मनीष कुमार ने एवं बालिका वर्ग में समस्तीपुर की राजनंदनी कुमारी, कृष्णापुरी की श्रीजा कुमारी एंव कल्याणपुर की सुमन कुमारी ने क्रमशः प्रथम द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया।
डीएसओ ने बताया कि शनिवार को योग, क्रिकेट, कबड्डी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, एवं सीनियर सिटीजन का म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता खेली जाएगी. मौके पर खेल सहायक वरुण कुमार सिंह, शिक्षक रजनीश कुमार पाण्डेय, राहुल कुमार, विग्नेश, संजीव कुमार, निखिल, अंजनी, अंकेश, अंशु कुमार सिन्हा, ज्योति श्रीवास्तव कुमारी, वंदना वैजयंती, निकिता, पूजा कुमारी, पप्पू कुमार, सुधाकर सिन्हा, शाहिद, रंजन गांधी व अनील ने सराहनीय भूमिका निभाई।