एचपीवी टीकाकरण अभियान में 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने वाले शीर्ष छह राज्यों में शामिल होना गर्व का विषय : निशांत

कहा, बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित रखना हमारी प्राथमिकता
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 पटना। सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे राष्ट्रीय एचपीवी (ह्यूमन पेपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान में बिहार ने निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले 100 प्रतिशत टीकाकरण कवरेज प्राप्त कर देश के अग्रणी राज्यों में अपनी जगह बनाई है। बिहार इस उपलब्धि को हासिल करने वाले देश के छह राज्यों में शामिल है। टीकाकरण की कुल संख्या के आधार पर देश में उत्तर प्रदेश के बाद बिहार दूसरे स्थान पर है।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा 21 नवंबर 2026 को जारी रिपोर्ट के अनुसार, देशभर में एक करोड़ से अधिक एचपीवी टीके लगाए जा चुके हैं। इनमें बिहार की भागीदारी उल्लेखनीय रही है।
13 लाख से अधिक किशोरियों को मिला सुरक्षा कवच :
यू-विन पोर्टल की 19 नवंबर 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, बिहार में 13,62,000 किशोरियों के निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले 13,67,050 टीकाकरण दर्ज किए गए हैं।
इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत ने कहा कि, बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित रखना हमारी प्राथमिकताओं में शामिल है। हमारी सरकार बेटियों के बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य के लिए संकल्पित है। ऐसे में एचपीवी टीकाकरण अभियान में बिहार का देश में दूसरा स्थान प्राप्त करना और निर्धारित लक्ष्य का 100 प्रतिशत कवरेज हासिल करना पूरे राज्य के लिए गौरव की बात है।
करते रहेंगे हर बेटी तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का कार्य :
उन्होंने कहा कि, यह उपलब्धि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, चिकित्सकों, एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं और सभी स्वास्थ्यकर्मियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम में एचपीवी टीकाकरण महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सात निश्चय-3 के अंतर्गत ‘सुलभ स्वास्थ्य, सुरक्षित जीवन’ के संकल्प के साथ हम हर पात्र बेटी तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।
प्रधानमंत्री ने भी की सराहना :
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा 28 फरवरी 2026 को शुरू किए गए राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत नौ महीने से कम समय में एक करोड़ से अधिक टीके लगाए गए हैं। देश में लगभग 87 प्रतिशत लक्ष्य हासिल हुआ है। प्रधानमंत्री ने 23 नवंबर को इस उपलब्धि की सराहना करते हुए इसे बेटियों के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
सर्वाइकल कैंसर का जोखिम कम करना लक्ष्य :
राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत 14 वर्ष की पात्र किशोरियों को सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में अभिभावकों की सहमति से निःशुल्क टीका लगाया जा रहा है। यह टीका सर्वाइकल कैंसर के लिए जिम्मेदार एचपीवी संक्रमण से बचाव में सहायक है। अभियान की निगरानी यू-विन डिजिटल प्लेटफॉर्म से की जा रही है, जहां पंजीकरण, टीकाकरण की जानकारी और डिजिटल प्रमाणपत्र की सुविधा उपलब्ध है। बिहार स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य सभी पात्र किशोरियों तक टीकाकरण की सुविधा पहुंचाना और सर्वाइकल कैंसर के जोखिम को कम करना है।